पूर्ण संस्करण देखें
⚡ AMP पेज | पूर्ण वेबसाइट देखें
Advisory

मगरमच्छ से बचाव हेतु वन विभाग की एडवाइजरी खेत खलिहान तालाब नदी के आसपास बरतें विशेष सतर्कता

✍️ Admin 📅 29 August, 2026 ⏰ 06:37 PM 👁 30 views



गोण्डा 29 अगस्त 2026*. प्रभागीय वनाधिकारी अनुराग प्रियदर्शी ने जनपदवासियों को मगरमच्छ से सुरक्षा को लेकर एडवाइजरी जारी की है। उन्होंने लोगों से खेत-खलिहान, तालाब, नदी, नालों एवं अन्य जलस्रोतों के आसपास विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।

वन विभाग ने बताया कि सुबह और शाम के समय मगरमच्छ अधिक सक्रिय रहते हैं, इसलिए इन समयों में पानी के आसपास विशेष सावधानी बरती जाए। रात में खेत अथवा जलस्रोत के पास जाने पर टॉर्च का प्रयोग किया जाए। पानी के किनारे अकेले काम करने तथा घनी घास में बिना देखे जाने से बचने की सलाह दी गई है।

तालाब, झील एवं नदी के आसपास चेतावनी बोर्ड और संकेतों का पालन करने, समूह में रहने तथा बच्चों पर विशेष निगरानी रखने को कहा गया है। मगरमच्छ दिखाई देने पर किसी भी स्थिति में पानी में हाथ या पैर न डालें और उससे दूरी बनाए रखें।

वन विभाग ने लोगों से तालाब, झील या नदी में तैरने अथवा स्नान करने से बचने तथा पानी के किनारे बैठकर मछली पकड़ने या पैर लटकाने से परहेज करने की अपील की है। साथ ही घरों के आसपास साफ-सफाई रखने और झाड़ियों की नियमित सफाई करने को कहा गया है।

एडवाइजरी में यह भी कहा गया है कि घरों के पास जलभराव, नालों या खुले जलस्रोतों को असुरक्षित न छोड़ें। कचरा, मांस, मछली अथवा अन्य जैविक अपशिष्ट पानी के किनारे न फेंकें, क्योंकि इससे वन्यजीव जलस्रोतों की ओर आकर्षित हो सकते हैं। अनावश्यक रूप से रात में पानी के पास जाने से भी बचने की सलाह दी गई है।

प्रभागीय वनाधिकारी ने नागरिकों से अपील की है कि वन्यजीवों के प्रति सजग रहते हुए सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करें और किसी भी अप्रिय स्थिति में वन विभाग को तत्काल सूचना दें।

📤 शेयर करें: