छपिया बभनजोत एवं मनकापुर में श्रमिक जागरूकता एवं पंजीयन कैम्प 17 से 11 सितम्बर तक
गोण्डा 05 सितंबर 2026 - शासन के निर्देशों के क्रम में श्रम विभाग द्वारा निर्माण श्रमिकों एवं असंगठित क्षेत्र के पात्र श्रमिकों को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए विकासखंड छपिया, बभनजोत एवं मनकापुर में विशेष जागरूकता कैंप आयोजित किए जाएंगे। कैंपों के माध्यम से श्रमिकों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र श्रमिकों का पंजीकरण भी कराया जाएगा।
उप श्रमायुक्त देवीपाटन मंडल गोण्डा सिद्धार्थ मोदियानी द्वारा जारी आदेश के अनुसार 07 सितंबर को विकासखंड छपिया, 09 सितंबर को विकासखंड बभनजोत तथा 11 सितंबर 2026 को विकासखंड मनकापुर में कैंप आयोजित होगा। कैंप के लिए श्रम विभाग के कार्मिकों की ड्यूटी निर्धारित की गई है तथा उज्ज्वल कुमार त्रिपाठी, श्रम प्रवर्तन अधिकारी को नोडल अधिकारी नामित किया गया है।
कैंप में उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के अंतर्गत निर्माण श्रमिकों के पंजीयन, नवीनीकरण एवं विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही लेबर चौक मोबाइल एप, ई-श्रम पोर्टल पर असंगठित क्षेत्र के पात्र श्रमिकों, गिग एवं प्लेटफार्म वर्कर्स के पंजीकरण तथा प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना एवं लघु व्यापारी मानधन योजना के संबंध में जागरूक किया जाएगा।
श्रम विभाग द्वारा केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न श्रमिक कल्याणकारी योजनाओं का भी व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। कैंप में आने वाले श्रमिकों को प्रचार-प्रसार सामग्री वितरित कर योजनाओं की पात्रता एवं लाभ लेने की प्रक्रिया की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।
जारी आदेश के अनुसार निर्धारित तिथियों पर कैंप पूर्वान्ह 11:00 बजे से अपरान्ह 03:00 बजे तक आयोजित होंगे। विभागीय कार्मिकों को निर्देशित किया गया है कि वे निर्धारित स्थान पर समय से उपस्थित रहकर कैंप का प्रभावी संचालन सुनिश्चित करें तथा अधिक से अधिक पात्र श्रमिकों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने की कार्रवाई करें।