पूर्ण संस्करण देखें
⚡ AMP पेज | पूर्ण वेबसाइट देखें
Checking

स्कूल वाहनों की सघन जांच सुरक्षा मानकों में लापवाही पर होगी सख्त कार्रवाई

✍️ Admin 📅 02 July, 2026 ⏰ 07:53 PM 👁 29 views



गोण्डा 02 जुलाई,2026*।
जनपद में बच्चों की सुरक्षित एवं सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एआरटीओ (प्रशासन) के नेतृत्व में संयुक्त प्रवर्तन टीम द्वारा विभिन्न विद्यालयों के स्कूली वाहनों का सघन जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान स्कूल बसों एवं अन्य स्कूली वाहनों में निर्धारित सुरक्षा मानकों का गहन परीक्षण किया गया, ताकि विद्यार्थियों के आवागमन में किसी प्रकार की लापरवाही या जोखिम की स्थिति उत्पन्न न हो।

जांच के दौरान वाहनों के फिटनेस प्रमाणपत्र, परमिट, बीमा, प्रदूषण प्रमाणपत्र, अग्निशमन यंत्र, फर्स्ट एड बॉक्स, आपातकालीन निकास द्वार, स्पीड गवर्नर, जीपीएस, सीसीटीवी कैमरा (जहां लागू हो), वाहन पर विद्यालय का नाम, चालक का वैध ड्राइविंग लाइसेंस तथा परिचालक की उपलब्धता सहित अन्य आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया। जिन वाहनों में कमियां पाई गईं, उनके संचालकों को निर्धारित समयावधि में उन्हें दूर करने के निर्देश दिए गए।

अभियान के दौरान वाहन स्वामियों एवं वाहन चालकों को स्पष्ट रूप से अवगत कराया गया कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा सुरक्षा मानकों के प्रति किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्हें निर्देशित किया गया कि सभी वाहन निर्धारित मानकों के अनुरूप संचालित किए जाएं तथा नियमित रूप से उनकी तकनीकी जांच कराई जाए। साथ ही चालक यातायात नियमों का पूर्ण पालन करें, निर्धारित गति सीमा का अनुपालन करें तथा वाहन संचालन के दौरान पूरी सतर्कता बरतें।

एआरटीओ (प्रशासन) ने कहा कि जनपद में स्कूली वाहनों की जांच का यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। अभियान का उद्देश्य केवल नियमों का अनुपालन सुनिश्चित करना ही नहीं, बल्कि विद्यालय प्रबंधन, वाहन स्वामियों एवं चालकों में विद्यार्थियों की सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना भी है। उन्होंने सभी संबंधित पक्षों से सहयोग की अपेक्षा करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही बच्चों के लिए सुरक्षित एवं भरोसेमंद परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित की जा सकती है।

📤 शेयर करें: