पूर्ण संस्करण देखें
⚡ AMP पेज | पूर्ण वेबसाइट देखें
Dead body

बालपुर पशु अस्पताल में अधेड़ व्यक्ति का शव मिलने से हड़कंप

✍️ Admin 📅 07 October, 2026 ⏰ 09:58 PM 👁 290 views



बालपुर गोंडा। करनैलगंज कोतवाली क्षेत्र की बालपुर पुलिस चौकी क्षेत्र में बालपुर पशु चिकित्सालय परिसर में बुधवार सुबह करीब एक अधेड़ व्यक्ति का शव मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही मौके पर बालपुर चौकी पुलिस और कर्नलगंज कोतवाली की टीम पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की पहचान अभी नहीं हो सकी है। 

स्थानीय लोगों के मुताबिक मृतक मानसिक रूप से परेशान बताया जा रहा था और पिछले कुछ समय से आसपास के इलाके में घूमता दिखाई देता था। बताया गया कि वह दिनभर इधर-उधर घूमने के बाद रात में पशु चिकित्सालय परिसर में रुक जाता था और सुबह अस्पताल खुलने के समय वहां से चला जाता था। हालांकि, उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है।

बुधवार सुबह पशु चिकित्सालय परिसर में अधेड़ का शव पड़ा मिलने की जानकारी आसपास के लोगों को हुई तो मौके पर भीड़ जुट गई। सूचना पर पुलिस पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मृतक की उम्र करीब 50 वर्ष बताई जा रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतक की पहचान न होने के कारण कर्नलगंज पुलिस ने उसकी फोटो सोशल मीडिया पर प्रसारित कर पहचान कराने का प्रयास शुरू किया है। जिले के विभिन्न थानों और पुलिस चौकियों को भी मृतक की फोटो भेजी गई है, ताकि उसके बारे में कोई जानकारी मिल सके और उसके स्वजन तक सूचना पहुंचाई जा सके।

घटना की सूचना मिलने पर कर्नलगंज कोतवाल अभय सिंह डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, जिससे मृतक की गतिविधियों और उसकी मौत से जुड़ी कोई महत्वपूर्ण जानकारी सामने आ सके।
कर्नलगंज कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक अभय सिंह के अनुसार मृतक की उम्र करीब 50 वर्ष है। शव पशु चिकित्सालय परिसर से बरामद हुआ है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और मृतक की पहचान कराने के प्रयास जारी हैं।

📤 शेयर करें: