सलमान ख़ान ने पायलट स्मित मच्छर की तारीफ़ करते हुए जताई ये इच्छा
इमेज स्रोत, Daniele Venturelli/Getty Images for The Red Sea International Film Festival फ़्लाईदुबई की फ़्लाइट घटना के बाद चर्चा में आए भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छर की अभिनेता सलमान ख़ान ने तारीफ़ की है. सलमान ख़ान ने कहा कि उन्हें स्मित मच्छर के साथ उड़ान भरने का मौक़ा मिला तो यह उनके लिए ख़ुशी की बात होगी. सलमान ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "कमाल कर दिया पायलट जी. हम सभी आपको सलाम करते हैं. आपके साथ उड़ान भरना हमारे लिए ख़ुशी की बात होगी. वेल डन ब्रो... कैप्टन स्मित मच्छर." इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, इसराइली प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू और भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी प्रशंसा कर चुके हैं. पीएम मोदी ने शुक्रवार को स्मित मच्छर से वीडियो कॉल पर बात भी की. पीएम ने कहा कि देशभर में उनकी लंबी उम्र और जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना हो रही है. उन्होंने कहा कि कैप्टन स्मित ने गंभीर चोटों के बावजूद यात्रियों की जान बचाने के लिए जो फ़ैसला लिया, उस पर पूरे देश को गर्व है. वहीं, कैप्टन स्मित ने कहा कि वह अपनी चोट को केवल घाव के रूप में नहीं देख रहे हैं, बल्कि इसे एक ऐसी यात्रा मान रहे हैं जिसमें धीरे-धीरे रिकवरी होगी. उन्होंने कहा कि उन्हें पूरा भरोसा है कि वह फिर से पूरी तरह स्वस्थ हो जाएंगे. फ्लाईदुबई फ्लाइट: कैप्टन स्मित मच्छर ने ऐसा क्या किया, जिन्हें ट्रंप से लेकर नेतन्याहू तक बता रहे हैं हीरो इमेज स्रोत, Khaled ZIAD / AFP via Getty Images यमन के हूती विद्रोहियों और सऊदी अरब के नेतृत्व वाले सैन्य गठबंधन के बीच संघर्ष एक बार फिर तेज़ हो गया है. सऊदी नेतृत्व वाले सैन्य गठबंधन ने शुक्रवार को बताया कि यमन के हूतियों ने दक्षिणी सऊदी के ख़मिस मुशैत शहर की तरफ़ तीन बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं, जिन्हें हवा में ही रोक दिया. दक्षिणी असीर क्षेत्र के अहद रफ़ीदा गवर्नरेट में इंटरसेप्ट की गई बैलिस्टिक मिसाइल का मलबा गिरने से एक स्थानीय व्यक्ति घायल हो गया. सऊदी अरब की सुरक्षा एजेंसी सिविल डिफेंस ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में बताया कि मिसाइल के मलबे के गिरने से एक इमारत के अंदर भी नुकसान हुआ. इसके अलावा कई वाहन भी क्षतिग्रस्त हुए हैं. दूसरी ओर, हूतियों ने दावा किया है कि सऊदी अरब ने पिछले 24 घंटों के दौरान यमन में 94 हमले किए हैं. हालांकि, इन हमलों को लेकर स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है. इस बीच, यमन के प्रमुख शहरों में शामिल ताइज़ के आसपास भी संघर्ष तेज़ हो गया है. यहां जारी लड़ाई अब उन पहाड़ी इलाकों तक फैल गई है, जहां से लाल सागर के तटीय क्षेत्र पर नज़र रखी जा सकती है. हूतियों ने हाल के दिनों में इन इलाकों में से कुछ पर नियंत्रण हासिल किया है. ताइज़ को यमन का तीसरा सबसे बड़ा शहर और देश की सांस्कृतिक राजधानी माना जाता है. इस शहर की आबादी क़रीब 10 लाख है. सऊदी अरब हूती विद्रोहियों के ख़िलाफ़ सैन्य अभियान शुरू करने की तैयारी कर रहा है. न्यूज़ एजेंसी रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक़, अभियान के लिए कई विकल्पों पर विचार किया जा रहा है. इनमें लाल सागर के समुद्री मार्ग को सुरक्षित करने के लिए तटीय क्षेत्र में सैन्य कार्रवाई और यमन के कई मोर्चों पर एक साथ हमला करना शामिल है. अधिकारियों के अनुसार, यह अभियान आने वाले हफ़्तों में शुरू किया जा सकता है. अभियान का नेतृत्व ज़मीन पर सऊदी अरब के समर्थन वाले यमनी बल करेंगे, जबकि सऊदी सेना हवाई हमलों के ज़रिए उन्हें सहायता देगी. रॉयटर्स से बात करने वाले छह लोगों ने तैयारियों की जानकारी दी है. संबंधित स्टोरी: क्या है हूती विद्रोहियों की ताक़त? जापान के आइची-नागोया में चल रहे एशियन गेम्स 2026 का शनिवार को 14वां दिन है. भारत अब तक 17 गोल्ड समेत कुल 77 मेडल जीत चुका है और मेडल टैली में 5वें नंबर पर है. एशियन गेम्स में शनिवार को भारतीय तीरंदाज कुमकुम मोहोद रिकर्व ने महिला कैटेगरी में गोल्ड मेडल जीता. इससे पहले शुक्रवार को भारतीय विमेंस हॉकी टीम ने 44 साल बाद एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल जीता. फ़ाइनल मुकाबले में भारत ने चीन को 1-0 से हराया. टीम के लिए लालरेमसियामी ने एकमात्र गोल किया. भारत ने अब तक 25 सिल्वर और 35 ब्रॉन्ज़ मेडल भी जीते हैं. मेडल टैली में चीन 162 गोल्ड समेत कुल 316 मेडल के साथ पहले नंबर पर है. जापान 239 मेडल के साथ दूसरे, जबकि साउथ कोरिया 134 मेडल के साथ तीसरे नंबर पर है. उज़्बेकिस्तान 20 गोल्ड समेत कुल 65 मेडल के साथ चौथे स्थान पर है. अब भारतीय मेंस हॉकी टीम पर नज़रें होंगी. टीम गोल्ड मेडल के लिए फ़ाइनल में मलेशिया से भिड़ेगी. मुकाबला दोपहर 3:30 बजे से खेला जाएगा. भारतीय टीम के पास इस मुकाबले को जीतकर एशियन गेम्स में लगातार दूसरी बार हॉकी गोल्ड मेडल पाने का मौका है. इमेज स्रोत, Indranil MUKHERJEE / AFP via Getty Images ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन की नेशनल प्रेसिडेंट नेहा बोरा ने शनिवार (आज) को भी जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन का आह्वान किया है. मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफ़े की मांग को लेकर उन्होंने दोपहर 1 बजे लोगों से जुटने की अपील की है. दूसरी ओर, कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के फ़ाउंडर अभिजीत दीपके ने एलान किया है कि इस मुद्दे पर उनका संगठन 10 अक्तूबर को दिल्ली में प्रदर्शन करेगा. इससे पहले शुक्रवार को सुबह दिल्ली के जंतर मंतर पर भी विपक्षी दल और वामपंथी छात्र संगठनों से जुड़े लोग जुटे थे. हालांकि, दिल्ली पुलिस ने मुख्य जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की अनुमति देने से इनकार कर दिया था और नई दिल्ली के कई इलाक़ों में धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू की गई थी. बीबीसी संवाददाता दिलनवाज़ पाशा के अनुसार, इस दौरान जंतर मंतर पर पहुंचने से पहले ही सैकड़ों प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने हिरासत में लिया था. वहीं, सीजेपी ने ज्ञानेश कुमार के इस्तीफ़े की मांग को लेकर मुंबई के शिवाजी पार्क में प्रदर्शन किया था. बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा. कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए आप यहां क्लिक करें. - ज्ञानेश कुमार के इस्तीफ़े की मांग- मुंबई में सीजेपी का प्रदर्शन, दीपके ने क्या कहा? - फ़्लाईदुबई विमान हमला: ट्रंप की चेतावनी, ईरान शामिल पाया गया तो 'बहुत घातक हमला' करेंगे - कैप्टन स्मित मच्छर ने पीएम मोदी से कहा- मैं उन लोगों को मरने नहीं दे सकता था - क्या पैरों में कच्चा प्याज़ रखने से ज़ुकाम और बुख़ार ठीक होता है?
स्रोत: BBC Hindi