अभिजीत दीपके की कोर्ट में होगी पेशी, सीजेपी ने दिया ये अपडेट
इमेज स्रोत, Arun SANKAR / AFP via Getty Images कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) की लीगल हेड रत्ना सिंह ने बताया है कि अभिजीत दीपके को गिरफ्तार कर लिया गया है. उन्होंने बताया कि दीपके को एसईएम कोर्ट में पेश किया जाएगा. रत्ना सिंह के मुताबिक़, अभिजीत दीपके को कहां रखा गया है, इसकी जानकारी अब तक नहीं दी गई है. उन्होंने यह भी दावा किया कि वकीलों को उनसे मिलने की अनुमति नहीं दी जा रही है. दिल्ली पुलिस ने 16 अक्तूबर को तिरंगा मार्च के दौरान अभिजीत दीपके को हिरासत में लिया था. बार एंड बेंच के अनुसार, दिल्ली पुलिस ने बताया था कि दीपके को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 126/170 के तहत हिरासत में लिया गया था. पिछले छह दिनों में दीपके को दूसरी बार हिरासत में लिया गया है. इससे पहले, 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले उन्हें विमान से हिरासत में लिया गया था. हालांकि, अगले दिन उन्हें छोड़ दिया गया था. वहीं, सीजेपी से जुड़े आशुतोष रांका और सौरव दास तिहाड़ जेल में न्यायिक हिरासत में हैं. दिल्ली की स्पेशल कोर्ट ने दोनों को पांच दिनों की न्यायिक हिरासत में भेजा था. उन्हें 13 अक्तूबर की सुबह जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान हिरासत में लिया गया था. बिहार के मोकामा से जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के विधायक अनंत सिंह ने 'नौ लोगों का मर्डर करवाया' वाले बयान पर सफ़ाई दी है. अनंत सिंह ने शुक्रवार को कहा कि उनके बयान को ग़लत तरीक़े से चलाया गया, जबकि उन्होंने कहा था कि उनके लोग मारे गए थे. अनंत सिंह ने मीडिया से बातचीत में कहा, "मेरे बयान को उल्टे तरीक़े से चलाया गया, लोगों ने समझा कि नीतीश जी के लिए नौ लोगों को मर्डर किया, जबकि मेरे नौ लोग मारे गए थे." उन्होंने कहा, "मैंने नीरज कुमार को जवाब दिया है कि मैंने कितनी क़ुर्बानी दी है. जब लालू यादव की सरकार थी तब हमारे नौ लोग मरवा दिए गए और मुझे गोली लगी. हम नीतीश कुमार के साथ हुए इसलिए लालू यादव ने मरवा दिए. हमारी इतनी क्षति हुई है. मेरे पिता की भी दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई." गौरतलब है कि अनंत सिंह ने हाल के दिनों में जनसुराज पार्टी के समर्थन में भी कुछ बयान दिए हैं, जिसके बाद वो चर्चा में हैं. इमेज स्रोत, Arvind Yadav/Hindustan Times via Getty Images मशहूर यूट्यूबर ध्रुव राठी लंदन पहुँच गए हैं. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स के ज़रिए लोगों से लंदन में पार्लियामेंट स्क्वेयर पर महात्मा गांधी की प्रतिमा के सामने विरोध प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की है. ध्रुव राठी ने शुक्रवार देर रात एक्स पर लिखा, “मैं लंदन पहुंचा हूँ. अब समय आ गया है कि दुनिया 'वोट चोर' और 'लोकतंत्र के हत्यारे' की असलियत देखे.” उन्होंने लिखा, “अब इंटरनेशनल डंका बजाने का टाइम आ गया है. अगर आप यहाँ हैं, तो शनिवार दोपहर 12 बजे पार्लियामेंट स्क्वेयर में महात्मा गांधी की प्रतिमा के सामने होने वाले विरोध प्रदर्शन में शामिल हों.” इससे पहले ध्रुव राठी कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के 10 अक्तूबर के प्रदर्शन में शामिल होने के लिए भारत आए थे. हालांकि, प्रदर्शन में शामिल होने से पहले ही उन्हें हिरासत में ले लिया गया था. कुछ घंटे बाद उन्हें रिहा कर दिया गया. रिहाई के बाद ध्रुव राठी ने आरोप लगाया था कि पुलिस ने उनका 'किडनैप' करवाया. इमेज स्रोत, Andrew Harnik/Getty Images अमेरिकी उद्योगपति एलन मस्क की कंपनी स्टारलिंक ने कहा है कि वह भारत को हाई-स्पीड इंटरनेट से जोड़ने के लिए तैयार है. कंपनी ने यह बयान रिलायंस इंडस्ट्रीज़ के उस बयान के जवाब में दिया है, जिसमें रिलायंस ने कहा था कि वह प्रतिस्पर्धा से नहीं डरती. स्टारलिंक ने शुक्रवार को एक्स पर लिखा, "हमने भारत में रेगुलेटर्स, इंडस्ट्री और ऑपरेटर्स के साथ 5 साल से ज़्यादा समय तक मिलकर काम किया है." "हमने देश के भीतर ही सिस्टम, गेटवे और अन्य इंफ्रास्ट्रक्चर का एक नेटवर्क तैयार किया है, ताकि भारतीय ट्रैफ़िक को पूरी तरह सुरक्षित तरीक़े से सेवा दी जा सके." स्टारलिंक ने कहा, "सबसे ज़रूरी बात ये है कि हमने इसे सरकारी मंज़ूरी के साथ किया है. स्टारलिंक भारत को हाई-स्पीड इंटरनेट से जोड़ने के लिए तैयार है." इससे पहले, एलन मस्क की ओर से लगाए गए आरोपों के बाद रिलायंस इंडस्ट्रीज़ ने कहा था कि वह कभी भी प्रतिस्पर्धा से नहीं डरी है. कंपनी के मुताबिक़, प्रतिस्पर्धा की सबसे बड़ी कसौटी यह है कि ग्राहकों को सबसे अच्छी सेवा कौन देता है. रिलायंस इंडस्ट्रीज़ ने कहा, "हर भारतीय कंपनी की तरह, रिलायंस भी ऐसे देश में आगे बढ़ी है, जहां देशी और विदेशी निवेश के साथ-साथ नए विचारों का स्वागत किया जाता है. ख़ासकर ऐसे कामों का, जिनसे लोगों की ज़िंदगी बेहतर होती है." एलन मस्क ने हाल ही में आरोप लगाया था कि स्टारलिंक की भारत में एंट्री को रोका जा रहा है. उन्होंने रिलायंस इंडस्ट्रीज़ के चेयरमैन मुकेश अंबानी पर तंज कसते हुए उन्हें 'प्रधानमंत्री अंबानी' तक कह दिया था. संबंधित स्टोरी: एलन मस्क बोले- क्या अंबानी भारत के असली बॉस हैं, टकराव की ये है वजह बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा. कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें. - त्विषा शर्मा केस: सुप्रीम कोर्ट ने ट्रायल पर क्यों लगाई रोक - 'गांव में गफ़ूरन बुआ का जनाज़ा रखा था, हमने रामलीला टाल दी' - प्रशांत भूषण के 'सत्ता परिवर्तन' बयान पर क्यों गरमाई राजनीति? - नेहा बोरा, दीपके हिरासत में, सीजेपी-बीजेपी समर्थकों में नारेबाज़ी: 'लहरा दो तिरंगा' मार्च में क्या-क्या हुआ?
स्रोत: BBC Hindi