पूर्ण संस्करण देखें
⚡ AMP पेज | पूर्ण वेबसाइट देखें
Death

‘सरकार की कठपुतली बनी तेलंगाना पुलिस!’, टी. राजा सिंह को बेटे को जान से मारने की मिली धमकी, तो बौखलाए गोशामहल MLA

✍️ Admin 📅 26 January, 2026 ⏰ 04:13 PM 👁 44 views

तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद स्थित गोशामहल से विधायक और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता टी. राजा सिंह ने सोमवार (26 जनवरी, 2026) को एक सनसनीखेज खुलासा किया है. उन्होंने कहा कि उन्हें और उनके बेटे को जान से मारने की धमकी भेजी गई है. उन्होंने तेलंगाना पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पुलिस अब सत्ताधारी नेताओं की कठपुतली बनकर रह गई है, जिसकी वजह से उन्हें मिलने वाली धमकियों में लगातार इजाफा हो रहा है.

विधायक राजा सिंह ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि कल रविवार (25 जनवरी, 2026) की शाम को उनके घर पर एक धमकी भरा पत्र मिला. उन्होंने कहा कि यह पहली बार नहीं है, इससे पहले भी कई पत्र आ चुके हैं, लेकिन डीजीपी, पुलिस कमिश्नर और मुख्यमंत्री को शिकायत के बावजूद पुलिस एक भी आरोपी को पकड़ने में नाकाम रही है.

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई नहीं की- राजा सिंह

उन्होंने सबसे चौंकाने वाला खुलासा करते हुए कहा कि पत्र लिखने वाले व्यक्ति ने खुलेआम ताना मारा है कि पुलिस ने उसे बुलाकर पूछताछ तो की, आधार कार्ड ले लिया, लेकिन उसे छोड़ दिया क्योंकि पुलिस उसके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं कर सकती. राजा सिंह ने इसे बेहद दुखद बताते हुए कहा कि अब धमकी भरे पत्रों में उनके बेटे को निशाना बनाया जा रहा है.

मेरा पूरा परिवार धर्म के कार्यों को आगे बढ़ाएगा- राजा सिंह

हालांकि, राजा सिंह ने डर को स्वीकार नहीं किया. उन्होंने कहा कि उनका परिवार इन धमकियों से प्रभावित नहीं होगा. उन्होंने ऐतिहासिक उदाहरण देते हुए कहा कि जिस प्रकार छत्रपति शिवाजी महाराज के बाद छत्रपति संभाजी महाराज ने धर्म की रक्षा की, उसी प्रकार उनका बेटा भी राजनीति की बजाय धार्मिक कार्यों के लिए समर्पित है और धर्म के पथ पर चलता रहेगा. उन्होंने कहा कि उनका पूरा परिवार धर्म के कार्यों को आगे बढ़ाएगा.

विधायक ने प्रशासन से की मांग

उल्लेखनीय है कि टी. राजा सिंह अपनी तीखी बयानबाजी और विवादित मुद्दों को लेकर अक्सर सुर्खियों में रहते हैं. हालिया घटनाओं ने उनकी सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं. विधायक ने प्रशासन से मांग की है कि पत्र किस पोस्ट ऑफिस से भेजा गया है और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपियों की जल्द पहचान की जाए ताकि उन्हें सबक सिखाया जा सके.

स्रोत: ABP Hindi

📤 शेयर करें: