पूर्ण संस्करण देखें
⚡ AMP पेज | पूर्ण वेबसाइट देखें
Death

हैदराबाद में थाली में परोसा जा रहा जहर! 800 किलो सड़ा चिकन बरामद, रमजान में रेस्तरां में होती थी सप्लाई

✍️ Admin 📅 17 March, 2026 ⏰ 08:15 PM 👁 67 views

अगर आप हैदराबाद के होटलों में खाना खाने के शौकीन हैं, तो सावधान हो जाइए, क्योंकि आजकल हैदराबाद में मिलावट, सड़े हुए गोश्त, मसालों और तेल का बाजार गर्म है. पिछले दो हफ्तों में आधा दर्जन से ज्यादा मिलावटी चीजों का भंडाफोड़ हो चुका है.

GHMC टास्क फोर्स और पुलिस की संयुक्त टीम ने मंगलवार (17 मार्च, 2026) को राज्य के पारसीगुट्टा इलाके में 'A1 फ्रेश चिकन शॉप' पर छापा मारा. निरीक्षण में पाया गया कि दुकान में कई दिनों से रखा हुआ चिकन बिल्कुल सामान्य माल की तरह ग्राहकों को बेचा जा रहा था  मांस उपभोग के लिए पूरी तरह अनुपयुक्त था.

अधिकारियों ने करीब 800 किलोग्राम सड़ा हुआ चिकन जब्त किया. यह खराब मांस सीधे ग्राहकों को बेचने के साथ-साथ इलाके के वाइन शॉप, बार और रेस्तरां को भी सप्लाई किया जा रहा था. दुकान जनवरी से एक्सपायर्ड लाइसेंस पर चल रही थी. पुलिस ने दुकान मालिक शकील के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया, लेकिन यह अकेला मामला नहीं है.

दो हफ्ते में हैदराबाद में कई जगहों पर चला ऑपरेशन

पिछले दो हफ्तों में हैदराबाद के अलग-अलग इलाकों में GHMC की छापेमारी में जो सामने आया, वह रूह कंपा देने वाला है. 10 मार्च को मंगलहट में 300 किलो सड़ा हुआ बकरे और भेड़ का मांस जब्त किया गया. अंबरपेट में एक डेयरी इकाई पर छापे में 2,500 किलो मिलावटी दही पकड़ी गई. हबीब नगर में 1,090 किलो रसायनिक रूप से उपचारित अदरक-लहसुन का पेस्ट जब्त किया गया. पिछले दो महीनों में GHMC की मुहिम में नकली घी, घटिया डेयरी उत्पाद और मिलावटी चाय पाउडर के मामलों में भी कई गिरफ्तारियां हुई हैं.

GHMC ने नागरिकों से की अपील

रमजान का महीना है, इफ्तार की दस्तरख्वान पर सजने वाले व्यंजन जिस किचन से आ रहे हैं, उस किचन में क्या हो रहा है, यह सोचकर ही दिल दहल जाता है. GHMC ने नागरिकों से अपील की है कि वे अनधिकृत और अस्वच्छ प्रतिष्ठानों से मांस और खाद्य सामग्री खरीदने से बचें और मिलावट की कोई भी सूचना तुरंत अधिकारियों को दें. हैदराबाद की थाली में जहर घुल रहा है और अगर प्रशासन की यह मुहिम न होती, तो शायद हम कभी जान भी न पाते. 

स्रोत: ABP Hindi

📤 शेयर करें: