आईपीएल 2026: विराट कोहली को लेकर मोहम्मद कैफ़ के पोस्ट की क्यों हो रही चर्चा
पूर्व भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद कैफ़ ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए विराट कोहली की शनिवार को खेली गई पारी की जमकर तारीफ़ की है. मोहम्मद कैफ़ ने एक्स पर लिखा, "सोचिए, ऑस्ट्रेलिया में दो बार शून्य पर आउट होने के बाद कहा गया कि विराट कोहली का समय ख़त्म हो गया है. लेकिन उनके पिछले 10 स्कोर सफ़ेद गेंद वाले क्रिकेट में हैं - 74, 135, 102, 65, 131, 77, 93, 23, 124 और इस मैच में नाबाद 69 रन." दरअसल, विराट कोहली ने आईपीएल 2026 के पहले मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को चिन्नास्वामी स्टेडियम में सनराइज़र्स हैदराबाद के ख़िलाफ़ आसान जीत दिलाई. कोहली ने 38 गेंदों पर 69 रन बनाया, उन्होंने अपनी पारी में 4 चौके और 5 छक्के लगाए. मैच से पहले भी मोहम्मद कैफ़ ने आरसीबी और विराट कोहली को लेकर एक एक्स पोस्ट किया था. इसमें उन्होंने लिखा, "आरसीबी और विराट कोहली को 'डिफ़ेंडिंग चैंपियंस' कहलाने का गौरव पाने में 18 साल लग गए. इस सीज़न में देखना होगा कि पहले से ही जबरदस्त फ़ॉर्म में चल रहे विराट और ज़्यादा कामयाबी के लिए कितने बेताब हैं." कैफ़ ने लिखा, "आरसीबी और विराट, क्या शानदार कहानी है. उन्होंने कभी हार नहीं मानी. वो लगातार कोशिश करते रहे. ज़िंदगी एक मैराथन है, सब्र रखो, दौड़ते रहो, तुम अपने लक्ष्य तक ज़रूर पहुंचोगे." आईपीएल के इस सीज़न में दूसरे दिन यानी आज, मुंबई इंडियंस और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में शाम 7.30 बजे मैच खेला जाएगा. इमेज स्रोत, Majid Saeedi/Getty Images ईरान के साथ अमेरिका और इसराइल की जंग शुरू होने के बाद ईरान पर शनिवार को सबसे ज़्यादा हमले हुए हैं. ह्यूमन राइट्स एक्टिविस्ट्स न्यूज़ एजेंसी (एचआरएनए) का कहना है कि 28 मार्च को ईरान में कम से कम 701 हमले दर्ज किए गए हैं. एजेंसी का कहना है कि युद्ध शुरू होने के बाद यह एक दिन में दर्ज किए गए सबसे अधिक हमले हैं. एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक़, इन हमलों में से 74% हमले ईरान की राजधानी तेहरान में हुए हैं. एजेंसी का कहना है कि अब तक इस संघर्ष में 1,551 ईरानी आम नागरिक मारे गए हैं, जिनमें कम से कम 236 बच्चे भी शामिल हैं. 28 फ़रवरी को शुरू हुए इस युद्ध को क़रीब एक महीना हो गया है. हालांकि, कुछ देश ईरान और अमेरिका के बीच मध्यस्थता कराने की कोशिश कर रहे हैं, जिनमें भारत के पड़ोसी देश पाकिस्तान का नाम भी सामने आ रहा है. इमेज स्रोत, SHAMIL ZHUMATOV/POOL/AFP via Getty Images पाकिस्तान के उप प्रधानमंत्री इसहाक़ डार ने जानकारी दी है कि उनके देश के जहाज़ों को होर्मुज़ स्ट्रेट से गुज़रने के लिए बड़ी छूट मिली है. इसहाक़ डार ने बताया, "ईरान ने पाकिस्तानी झंडे वाले 20 और जहाज़ों को स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज़ से गुज़रने की इजाज़त देने पर सहमति जताई है." उन्होंने बताया कि हर दिन दो जहाज़ स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज़ पार करेंगे. ईरान ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है. हालिया संघर्ष शुरू होने के बाद से ईरान ने स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज़ को लगभग बंद कर दिया है. यह दुनिया के सबसे ज़रूरी तेल परिवहन मार्गों में से एक है. दुनिया का लगभग 20% तेल और लिक्विड नेचुरल गैस (एलएनजी) आमतौर पर इसी रास्ते से गुज़रता है, लेकिन बीबीसी वेरिफ़ाई के विश्लेषण में दिखा है कि रोज़ाना यातायात लगभग 95% कम हो गया है. इसहाक़ डार ने कहा कि ईरान के साथ यह समझौता 'शांति का संकेत' है जो क्षेत्र में स्थिरता लाने में मदद करेगा. गौरतलब है कि इससे पहले पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने जानकारी दी कि उन्होंने शनिवार को ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियान से फ़ोन पर 'विस्तार से' बातचीत की है. उन्होंने कहा कि यह बातचीत 'एक घंटे से ज़्यादा' चली. ईरान, इसराइल और तेल: ये जल मार्ग बंद हुआ तो पूरी दुनिया पर होगा असर इमेज स्रोत, Wisam Hashlamoun/Anadolu via Getty Images) यमन के हूती विद्रोहियों ने इसराइल पर दूसरी मिसाइल दागी है और ड्रोन से हमले किए हैं. यह जानकारी सीएनएन और टाइम्स ऑफ़ इसराइल दोनों ने बताई है. हालांकि, इसराइल ने कहा कि उसने यमन से छोड़ी गई एक मिसाइल को रोक लिया. ईरान समर्थित इस समूह ने इसराइल पर एक क्रूज़ मिसाइल छोड़ी, जिसे गिरा दिया गया. इससे पहले हूती विद्रोही समूह ने एक बैलिस्टिक मिसाइल इसराइल पर दागी थी. इसराइली मीडिया चैनल 12 और टाइम्स ऑफ़ इसराइल ने अलग से यह भी बताया है कि दक्षिणी इसराइल के इलात शहर पर ड्रोन हमला हुआ, जोकि यमन की ओर से किया गया था. इससे पहले हूती विद्रोहियों ने कहा था कि उन्होंने कई बैलिस्टिक मिसाइलें दागी हैं जो 'संवेदनशील इसराइली सैन्य ठिकानों' को निशाना बनाने के लिए थीं. हूती इसे पलटवार हमला बता रहे हैं, उनका कहना है, "पहले इसराइल ने ईरान, लेबनान, इराक़ और फ़लस्तीनी इलाक़ों को निशाना बनाया. इसके जवाब में अब इसराइल पर हमले हो रहे हैं." पढ़ें: यमन: हूती विद्रोही कौन हैं और वो लाल सागर में इसराइल के जहाजों को क्यों बना रहे हैं निशाना बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा. कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें. हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें. - होर्मुज़ बंद होने से खाना, दवाइयों और स्मार्टफ़ोन पर असर, जानिए कैसे - 'मेरी बेटी मलबे के नीचे दबी है', अमेरिकी-इसराइली हमलों के बीच तेहरान का हाल - राजस्थानः नमाज़ियों के लिए जगह कम पड़ी तो हिंदू परिवार के 5 भाइयों ने दान की ज़मीन - वो तीन मुद्दे जो डोनाल्ड ट्रंप के लिए बन सकते हैं ख़तरे की घंटी
स्रोत: BBC Hindi