पाकिस्तान के विदेश मंत्री ने ईरान-अमेरिका की बातचीत पर दिया ये अपडेट
इमेज स्रोत, Osmancan Gurdogan/Anadolu via Getty Images पाकिस्तान के विदेश मंत्री इसहाक़ डार ने कहा है कि ईरान और अमेरिका के बीच समझौते के लिए बातचीत जारी है और अब सिर्फ कुछ मुद्दों पर सहमति बनना बाकी है. तुर्की में अंतालिया डिप्लोमेसी फ़ोरम में बोलते हुए इसहाक़ डार ने कहा, "दोनों पक्षों के बीच सिर्फ कुछ मुद्दों पर सहमति बननी बाकी है. हमने उम्मीद नहीं छोड़ी है और हम समझौते तक पहुंचने के लिए मेहनत कर रहे हैं क्योंकि इससे पूरी दुनिया को फ़ायदा होगा." बीबीसी उर्दू के मुताबिक़, इसहाक़ डार ने कहा, "हम अधूरे मुद्दों पर सहमति बनाने और अंतर को खत्म करने की कोशिश कर रहे हैं. लेबनान में युद्धविराम हो चुका है और अब अच्छी खबर यह है कि ईरान ने बिना किसी शर्त के जहाज़ों के लिए होर्मुज़ स्ट्रेट का रास्ता फिर से खोल दिया है." इसहाक़ डार ने कहा, "हम बहुत आशावादी हैं कि बाकी बची हुई बातचीत भी पूरी हो जाएगी." ईरान और अमेरिका के बीच जल्द अगले दौर की बातचीत होने की उम्मीद जताई जा रही है. पहले दौर की बातचीत पाकिस्तान के इस्लामाबाद में हुई थी. संबंधित कहानी: ईरान ने किया होर्मुज़ स्ट्रेट खोलने का एलान, ट्रंप बोले - 'जारी रहेगी अमेरिकी नाकाबंदी' इमेज स्रोत, Hamed Malekpour/Iranian Parliament Communication Office/Handout via Getty Images ईरानी संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बाक़र क़ालिबाफ़ ने कहा है कि अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक घंटे में सात दावे किए और सभी सातों झूठे हैं. मोहम्मद बाक़र क़ालिबाफ़ ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "अगर ईरानी बंदरगाहों पर अमेरिकी नाकेबंदी जारी रही तो होर्मुज़ स्ट्रेट खुला नहीं रहेगा." यह बात उन्होंने ट्रंप के उस बयान के जवाब में कही जिसमें ट्रंप ने कहा था कि शांति समझौते तक ईरानी बंदरगाहों पर नौसैनिक नाकेबंदी रहेगी. क़ालिबाफ़ ने लिखा, "होर्मुज़ स्ट्रेट खुला है या बंद है और उसके नियम क्या होंगे, यह ज़मीन पर हालात तय करेंगे, सोशल मीडिया नहीं. होर्मुज़ स्ट्रेट से गुज़रना तय किए गए रास्ते और ईरान की अनुमति के आधार पर होगा." क़ालिबाफ़ ने कहा कि झूठ से जंग नहीं जीती जाती और बातचीत भी किसी नतीजे पर नहीं पहुंचती है. गौरतलब है कि ईरानी संसद के स्पीकर मोहम्मद बाक़र क़ालिबाफ़ उस प्रतिनिधिमंडल का भी हिस्सा थे, जो अमेरिका से बातचीत के लिए इस्लामाबाद पहुंचा था. संबंधित कहानी: ईरान ने किया होर्मुज़ स्ट्रेट खोलने का एलान, ट्रंप बोले - 'जारी रहेगी अमेरिकी नाकाबंदी' इमेज स्रोत, Jim WATSON / AFP via Getty Images अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ख़ुद को 'पीसमेकर' यानी शांति स्थापित करने वाला बताया है. ट्रंप ने फिर दावा किया कि उन्होंने भारत और पाकिस्तान का सैन्य संघर्ष रुकवाया था. अमेरिका के एरिज़ोना में एक रैली को संबोधित करते हुए डोनाल्ड ट्रंप बोले, "मैं पीसमेकर (शांति स्थापति करने वाला) हूं. मैंने आठ युद्ध ख़त्म किए. मैंने भारत-पाकिस्तान का ऐसा युद्ध ख़त्म किया जो 3 से 5 करोड़ लोगों की जान ले लेता." उन्होंने कहा, "मैंने आठ युद्ध ख़त्म किए, लेकिन अगर हम ईरान और लेबनान को जोड़ें तो यह 10 युद्ध होंगे और करोड़ों लोगों की जान बची. सोचिए, हमने कितनी ज़िंदगियां बचाई हैं." अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, "अब जब होर्मुज़ स्ट्रेट की स्थिति लगभग साफ़ हो गई है, तो मुझे नेटो से फ़ोन आया कि क्या हमें उनकी मदद चाहिए? मैंने उनसे कहा कि मुझे तुम्हारी मदद दो महीने पहले चाहिए थी, लेकिन अब मुझे तुम्हारी मदद बिल्कुल नहीं चाहिए. जब हमें ज़रूरत थी तब तुम बिल्कुल काम नहीं आए. लेकिन असल में हमें उनकी कभी ज़रूरत ही नहीं थी. उन्हें हमारी ज़रूरत थी." बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा. कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें. हमारे पन्ने पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को दिए गए लिंक्स पर क्लिक कर पढ़ें- - ईरान ने किया होर्मुज़ स्ट्रेट खोलने का एलान, ट्रंप बोले - 'जारी रहेगी अमेरिकी नाकाबंदी' - लोकसभा में नहीं पास हुआ 131वां संविधान संशोधन विधेयक, सरकार बोली-महिलाओं को अधिकार दिलाकर रहेंगे - डीलिमिटेशन और महिला आरक्षण से जुड़े पाँच सवाल और उनके जवाब - होर्मुज़ के बाद अब मलक्का स्ट्रेट को लेकर क्यों हो रही है चिंता - नाज़ुक युद्धविराम के बीच अमेरिका से समझौते को लेकर क्या सोच रहे हैं ईरान के लोग
स्रोत: BBC Hindi