Women Reservation Bill: ‘विपक्ष ने साथ नहीं दिया, लेकिन...’, लोकसभा में महिला आरक्षण बिल पारित न होने पर बोले केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू
Women Reservation Bill: केंद्र सरकार की ओर से लाया गया नारी शक्ति वंदन अधिनियम 2023 का संशोधन विधेयक यानी महिला आरक्षण बिल संसद के विशेष सत्र के दौरान लोकसभा में पारित नहीं हो सका. केंद्र सरकार ने संविधान में 131वें संशोधन के लिए महिला आरक्षण बिल को संसद में पेश किया था, लेकिन शुक्रवार (17 अप्रैल, 2026) को बिल को दो-तिहाई बहुमत का समर्थन नहीं मिला. इस बिल के पक्ष में कुल 298 वोट पड़े, जबकि विपक्ष में 230 सांसदों ने वोट किया.
लोकसभा में महिला आरक्षण बिल के पारित न होने पर केंद्र सरकार ने चिंता जताई है. केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने बिल पर वोटिंग होने के बाद कहा, ‘देश की महिलाओं को सम्मान और अधिकार देने के लिए जो ऐतिहासिक और महत्वपूर्ण बिल लाया गया था, उस पर विपक्ष ने हमारा साथ नहीं दिया.’ उन्होंने कहा, ‘यह बहुत ही खेद की बात है, विपक्ष ने एक मौका गंवा दिया है, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं को जो सम्मान और अधिकार देने का अभियान है, वो लगातार जारी रहेगा और हम देश की महिलाओं को उनका अधिकार देकर ही रहेंगे.’
स्रोत: ABP Hindi