'टीएमसी के सारे गुंडे कान खोलकर सुन लें...', अमित शाह ने दार्जिलिंग से दी चेतावनी, ममता सरकार पर लगाया महिलाओं के उत्पीड़न का आरोप
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के प्रथम चरण के चुनाव प्रचार के आखिरी दिन गृह मंत्री अमित शाह ने दार्जिलिंग में जनसभा को संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने टीएमसी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि ममता बनर्जी के राज में माताओं बहनों पर जमकर अत्याचार हुआ.
गृहमंत्री ने कहा कि हमारे गोरखा बहनों-भाइयों पर इन्होंने सैकड़ों गलत केस किए हैं. 4 मई को परिणाम आएगा, 5 को भाजपा सरकार बनेगी और 31 जुलाई से पहले भाजपा सरकार सारे गोरखा बहनों-भाइयों पर दर्ज सभी केस वापस ले लेगी. टीएमसी ने ये फर्जी केस कर गोरखा आंदोलन को दबाया, ये सारे केस भाजपा समाप्त करेगी और आपको आंदोलन न करना पड़े, ऐसा समाधान भी लेकर आएगी.
अमित शाह ने कहा कि बंगाल में भाजपा सरकार बनते ही 6 महीने के भीतर हर गोरखा के चेहरे पर संतोष की हंसी हो, ऐसा समाधान हम निकालेंगे. कांग्रेस और टीएमसी ने दार्जिलिंग और गोरखा—दोनों के साथ अन्याय किया है. कमल फूल की सरकार बनते ही 6 महीनों के अंदर दशकों पुरानी गोरखा समस्या का गोरखा के हिसाब से समाधान करके दिखाएंगे, यह हमारा वादा है.
गृहमंत्री ने कहा, 'उत्तर बंगाल वालों, एक बार भाजपा सरकार बना दीजिए. तीन चुनावों से दार्जिलिंग तो कमल फूल पर वोट कर ही रहा है, लेकिन इस बार पूरा बंगाल तय कर बैठा है कि दीदी को हटाने का समय आ गया है. यह चुनाव दार्जिलिंग की पहाड़ियों से लेकर गंगासागर और कोलकाता तक हमारी माताओं-बहनों को सुरक्षित करने का चुनाव है. ममता के राज में ढेर सारी माताओं-बहनों पर अत्याचार हुआ है. संदेशखाली ने पूरे बंगाल को शर्मसार किया. भाजपा सरकार हर बलात्कारी को चुन-चुनकर जेल की सलाखों के पीछे डालने का काम करेगी.
स्रोत: ABP Hindi