पूर्ण संस्करण देखें
⚡ AMP पेज | पूर्ण वेबसाइट देखें
Death

ट्रंप और अधिकारी थे हमलावर के संभावित टारगेट, मैकेनिकल इंजीनियर था संदिग्ध

✍️ Admin 📅 27 April, 2026 ⏰ 08:11 AM 👁 56 views

व्हाइट हाउस कॉरस्पॉन्डेंट्स डिनर के दौरान घुसने की कोशिश करने वाले संदिग्ध बंदूकधारी का 'संभावित' निशाना अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनके अधिकारी थे. यह बात एक्टिंग यूएस अटॉर्नी जनरल टॉड ब्लांश ने कही अमेरिकी मीडिया में संदिग्ध की पहचान 31 साल के कोल टॉमस एलेन के रूप में की गई है. पुलिस ने कहा कि शनिवार को वॉशिंगटन डीसी के एक होटल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान एलेन ने एक सुरक्षा चेकपॉइंट के पास गोलीबारी की. उन्हें गिरफ़्तार कर लिया गया है. ब्लांश ने एनबीसी न्यूज़ से बात करते हुए कहा कि कथित बंदूकधारी के मकसद की अभी जांच हो रही है, लेकिन "शुरुआती" जानकारी से संकेत मिलता है कि वो अधिकारियों को निशाना बना रहे थे. एफ़बीआई की क्रिमिनल डिविज़न और टेररिज़्म टास्क फ़ोर्स इस घटना की जांच कर रही हैं. बीबीसी हिंदी के व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक करें आयोजन स्थल से सुरक्षित निकाले जाने के बाद, ट्रंप ने एक ब्रीफ़िंग में पत्रकारों से कहा, "मुझे नहीं लगता कि कोई भी प्रोफ़ेशन इससे ज़्यादा ख़तरनाक हो सकता है." रविवार को एक बयान में व्हाइट हाउस ने कहा कि कैबिनेट सदस्यों और राष्ट्रपति की 'हत्या की कोशिश में गोली चलने' के बाद ट्रंप भी 'डरे हुए नहीं हैं.' व्हाइट हाउस कॉरस्पॉन्डेंट्स एसोसिएशन की अध्यक्ष वेइजिया जियांग ने इस हमले को 'डरावना' बताया. रविवार को डिनर में ट्रंप के पास बैठीं जियांग ने सीक्रेट सर्विस को धन्यवाद देते हुए कहा कि उनकी कार्रवाई ने 'हज़ारों मेहमानों की सुरक्षा की.' उन्होंने कहा कि बोर्ड बैठक करेगा और आगे की प्रक्रिया तय करेगा. और जानकारी उपलब्ध होने पर अपडेट जारी करेगा. रविवार को ट्रंप ने फ़ॉक्स न्यूज़ से कहा कि संदिग्ध के 'दिल में काफ़ी समय से नफ़रत थी', उसके परिवार को उसकी 'परेशानियों' की जानकारी थी. उन्होंने यह भी कहा कि संदिग्ध के पास एक 'मैनिफ़ेस्टो' था. शनिवार को स्थानीय समय अनुसार करीब शाम 8 बजकर 35 मिनट पर (भारतीय समयानुसार रविवार सुबह 5.05 बजे), वॉशिंगटन हिल्टन होटल के फ़ोयर में गोलियों की आवाज़ सुनाई दी, जहां नीचे के फ़्लोर के बॉलरूम में व्हाइट हाउस कॉरस्पॉन्डेंट्स डिनर चल रहा था. राष्ट्रपति, फ़र्स्ट लेडी मेलानिया ट्रंप और उपराष्ट्रपति जेडी वेंस को भी सुरक्षा कर्मियों ने कमरे से बाहर निकाल लिया. सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ जिसमें सीक्रेट सर्विस एजेंट्स ट्रंप को निकाले जाने से कुछ समय पहले उपराष्ट्रपति जेडी वेंस को कार्यक्रम से बाहर ले जाते दिखे, जिस पर कुछ दर्शकों ने समय को लेकर सवाल उठाए. रविवार को न्यूज़ प्रोग्राम 60 मिनट्स को दिए इंटरव्यू में ट्रंप ने कहा कि वह एजेंट्स के कहने के बावजूद थोड़ा रुके. "मैं देखना चाहता था कि क्या हो रहा है... मैं जानना चाहता था कि क्या चल रहा है. और तब हमें एहसास होने लगा कि शायद यह एक गंभीर समस्या थी." एक समय पर ट्रंप ने कहा कि सुरक्षा कर्मियों ने उन्हें नीचे झुकने और 'फ़र्श पर लेट जाने' को कहा. उन्होंने अपनी सुरक्षा टीम की तारीफ़ करते हुए उन्हें 'बेहतरीन लोग' बताया. अधिकारियों ने कहा कि क़ानून प्रवर्तन एजेंसियों ने कथित हमलावर के साथ गोलीबारी की और उसे रोक लिया और 'माना जा रहा है' कि संदिग्ध ने हथियार चलाया. उसे गोली नहीं लगी, लेकिन जांच के लिए अस्पताल ले जाया गया. पुलिस ने कहा कि संदिग्ध के पास दो बंदूकें और चाकू थे. जांचकर्ता संदिग्ध की लिखी सामग्री की जांच कर रहे हैं, जिसमें कहा गया है कि वह विशेष रूप से प्रशासन के अधिकारियों को निशाना बनाना चाहता था. यह जानकारी एक वरिष्ठ अमेरिकी अधिकारी ने सीबीएस न्यूज़ को दी. बीबीसी के साझेदार सीबीएस न्यूज़ ने एक लिखित दस्तावेज़ देखा है, जिसे संदिग्ध कोल एलेन से जुड़ा माना जा रहा है. अन्य अमेरिकी मीडिया ने भी इसी दस्तावेज़ के बारे में रिपोर्ट किया है. इसमें कहा गया है कि हमलावर ट्रंप प्रशासन के सदस्यों को निशाना बनाना चाहता था. इसके मुताबिक़ उसके निशाने पर "सबसे ऊंचे पद से लेकर सबसे निचले पद तक" के अधिकारी थे. इसमें यह भी कहा गया कि मेहमान और होटल स्टाफ़ उसके सीधे निशाने पर नहीं थे, लेकिन अधिकारियों तक पहुंचने के लिए ज़रूरत पड़ने पर उन पर भी हमला किया जा सकता था. मशहूर हस्तियों की कहानी पूरी तसल्ली और इत्मीनान से इरफ़ान के साथ. रिपोर्ट के मुताबिक, उसके भाई ने यह दस्तावेज़ मिलने के बाद कनेक्टिकट में पुलिस से संपर्क किया. कनेक्टिकट के न्यू लंदन पुलिस विभाग ने बताया कि गोलीबारी के कुछ ही घंटों बाद उनसे संपर्क किया गया था और उन्होंने तुरंत संघीय कानून प्रवर्तन एजेंसियों को सूचना दे दी थी. बीबीसी न्यूज़ ने इन कथित दस्तावेज़ों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं की है, जिन्हें मैनिफ़ेस्टो बताया गया है और जो कथित तौर पर हमले से पहले परिवार के सदस्यों को भेजे गए थे. घटना में गोली लगने से घायल एक अधिकारी को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है. सीक्रेट सर्विस के कम्युनिकेशन प्रमुख एंथनी गुइलियेल्मी ने बीबीसी से कहा कि उनकी बुलेटप्रूफ़ जैकेट ने 'एक संभावित त्रासदी को टालने में मदद की.' डिनर में मौजूद कई बीबीसी पत्रकारों ने गोलीबारी के बाद अफ़रातफ़री का माहौल बताया. बीबीसी संवाददाता गैरी ओ'डोनोह्यू ने कहा कि उन्होंने 'ज़ोरदार धमाके' सुने. उन्होंने कहा, "कुछ ही पलों में मुझे लगा कि यह सेमी ऑटोमैटिक हथियारों की धीमी आवाज़ जैसी आवाज़ है." कमरे को कुछ समय के लिए बंद कर दिया गया, जिसके बाद घोषणा की गई कि कार्यक्रम को बाद में फिर से तय किया जाएगा और मेहमानों को बाहर निकाला गया. ब्लांश ने बीबीसी के अमेरिकी साझेदार सीबीएस न्यूज़ से कहा कि जांचकर्ताओं का मानना है कि संदिग्ध लॉस एंजेलिस से शिकागो होते हुए ट्रेन से राजधानी वॉशिंगटन डीसी पहुंचा. एलेन ने लिंकडिन पर खुद को मैकेनिकल इंजीनियर, गेम डेवलपर और शिक्षक बताया है. वह कैलिफ़ोर्निया के टॉरेंस के रहने वाले हैं, जहां उनसे जुड़े एक पते की तलाशी ली जा रही है. अधिकारियों ने कहा कि सोमवार को फ़ेडरल कोर्ट में एक अधिकारी पर हमला और हिंसक अपराध के दौरान हथियार इस्तेमाल करने के आरोप तय किए जाएंगे. हमले के बाद राष्ट्रपति ने व्हाइट हाउस से ब्रीफ़िंग दी. उन्होंने सीक्रेट सर्विस की तारीफ़ की और कहा कि कमरे में मौजूद हर व्यक्ति उनका "बहुत बड़ा एहसानमंद" है. राष्ट्रपति के रूप में अपने दो कार्यकाल के दौरान मीडिया की आलोचना करने के बावजूद, ट्रंप ने हमले की "ज़िम्मेदार कवरेज" के लिए प्रेस को धन्यवाद दिया. उन्होंने लोगों से "शांतिपूर्ण तरीके से अपने मतभेद सुलझाने" की अपील भी की. उन्होंने इस घटना का इस्तेमाल व्हाइट हाउस में नए बॉलरूम के निर्माण के अपने तर्क को आगे बढ़ाने के लिए किया, और ट्रुथ सोशल पर लिखा कि अगर "सैन्य स्तर का टॉप सीक्रेट बॉलरूम बन रहा होता" तो यह नहीं होता. इस विवादित परियोजना को कई क़ानूनी चुनौतियों का सामना करना पड़ा है. यह तीसरी बार है जब ट्रंप को हत्या की धमकी का सामना करना पड़ा. जुलाई 2024 में पेनसिल्वेनिया के बटलर में एक रैली के दौरान एक गोली उनके कान को छूकर निकल गई थी. सितंबर 2024 में फ़्लोरिडा के वेस्ट पाम बीच में उनके गोल्फ़ क्लब के पास झाड़ियों में एक संदिग्ध बंदूकधारी छिपा मिला था. ट्रंप राष्ट्रपति के रूप में पहली बार व्हाइट हाउस कॉरस्पॉन्डेंट्स डिनर में शामिल हो रहे थे. इससे पहले वह 2011 में एक निजी नागरिक के रूप में शामिल हुए थे. घटना के बाद पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा ने कहा, "हम सभी की ज़िम्मेदारी है कि हम इस विचार को ख़ारिज करें कि हमारे लोकतंत्र में हिंसा की कोई जगह है. " "यह हमें हर दिन अमेरिकी सीक्रेट सर्विस एजेंट्स के साहस और बलिदान की याद दिलाता है. मैं उनका आभारी हूं और यह राहत की बात है कि घायल एजेंट ठीक हो जाएगा." दुनिया के कई नेताओं ने भी इस घटना की निंदा की. ब्रिटेन के प्रधानमंत्री सर कीएर स्टार्मर ने कहा कि वह इस हमले से "हैरान" हैं, "लोकतांत्रिक संस्थाओं या प्रेस की आज़ादी पर किसी भी हमले की कड़े शब्दों में निंदा होनी चाहिए." कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने कहा कि उन्हें "राहत" है कि ट्रंप, फ़र्स्ट लेडी और कार्यक्रम में मौजूद लोग सुरक्षित हैं. ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज़ ने भी कहा कि उन्हें "खुशी है" कि घटनास्थल पर मौजूद लोग सुरक्षित हैं. (रिपोर्ट में कायला एपस्टीन के इनपुट के साथ) बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित. (बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, एक्स, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और व्हॉट्सऐप पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)

स्रोत: BBC Hindi

📤 शेयर करें: