ट्रंप के चीन दौरे के बाद ईरानी संसद के स्पीकर ग़ालिबाफ़ ने क्या कहा
इमेज स्रोत, Iranian Parliament Speaker Office/ Handout/Anadolu via Getty Images अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के चीन दौरे के बाद ईरान ने कहा है कि दुनिया अब एक नए दौर की तरफ़ बढ़ रही है. ईरानी संसद के स्पीकर मोहम्मद बग़र ग़ालिबाफ़ ने कहा है कि दुनिया के बदलावों को ईरान ने तेज़ किया और भविष्य ग्लोबल साउथ का है. ग़ालिबाफ़ ने एक्स पर लिखा, "दुनिया एक नए दौर के मुहाने पर खड़ी है. जैसा कि राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने कहा था, 'पिछली सदी में न देखे गए बदलाव अब पूरी दुनिया में तेज़ी से हो रहे हैं." "मैं यह ज़ोर देकर कहता हूं कि ईरान की 70 दिन की मज़बूती से खड़े रहने की कोशिश ने इस बदलाव को और तेज़ कर दिया है. भविष्य ग्लोबल साउथ का है." गौरतलब है कि डोनाल्ड ट्रंप हाल ही में दो दिवसीय चीन यात्रा पर रहे और उन्होंने राजधानी बीजिंग में राष्ट्रपति शी जिनपिंग से मुलाक़ात की. उन्होंने इस यात्रा को 'बहुत सफल और न भूलने वाला' बताया है. चीनी सरकारी मीडिया के मुताबिक़, शी जिनपिंग ने इस यात्रा को ''ऐतिहासिक और मील का पत्थर बताया.'' हालांकि, दोनों देशों के बीच किसी बड़े व्यापार समझौते या नई डील का एलान नहीं किया गया. इमेज स्रोत, Iranian Parliament Speaker Office/ Handout/Anadolu via Getty Images पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नक़वी ईरान की राजधानी तेहरान पहुंचे हैं, जहां पर उनकी मुलाक़ात ईरानी गृह मंत्री एस्कंदर मोमेनी से हुई. बीबीसी उर्दू के मुताबिक़, ईरानी टीवी ने ईरान और पाकिस्तान के गृह मंत्रियों की मुलाक़ात की तस्वीरें दिखाईं और इस मुलाक़ात को 'महत्वपूर्ण' बताया. ईरानी टीवी के मुताबिक़, एस्कंदर मोमेनी ने मोहसिन नक़वी से कहा कि ईरान 'शांति का समर्थक' है और पाकिस्तान की कोशिशों की 'बहुत सराहना' करता है. ईरान के गृह मंत्री ने पाकिस्तान के आर्मी चीफ़ फ़ील्ड मार्शल जनरल आसिम मुनीर की कोशिशों को 'ईमानदार और मज़बूत' बताया. साथ ही क्षेत्र में शांति और स्थिरता बढ़ाने में पाकिस्तान की भूमिका की तारीफ़ की. ईरान और अमेरिका के बीच मौजूदा युद्धविराम में पाकिस्तान मध्यस्थता कर रहा है और उसने एक बार शांति वार्ता के लिए वरिष्ठ ईरानी और अमेरिकी अधिकारियों की मेज़बानी भी की थी. हालांकि, यह शांति वार्ता अब तक किसी नतीजे तक नहीं पहुंच पाई है. ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची ने शुक्रवार को कहा कि ईरान को अमेरिका से संदेश मिले हैं, जिनमें बताया गया है कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का प्रशासन बातचीत जारी रखने के लिए तैयार है. संबंधित कहानी: क्या अमेरिका और इसराइल फिर से कर रहे हैं ईरान पर हमले की तैयारी? इमेज स्रोत, Facebook/@bandisanjaykumar केंद्रीय गृह राज्य मंत्री बंदी संजय कुमार के बेटे बंदी भगीरथ को तेलंगाना पुलिस ने पॉक्सो केस में शनिवार रात को गिरफ़्तार कर लिया. हालांकि, मंत्री का दावा है कि उन्होंने अपने बेटे को खुद ही पुलिस को सौंपा है. केंद्रीय गृह राज्य मंत्री बंदी संजय कुमार ने कहा कि उन्होंने अपने बेटे को पुलिस के सामने पेश होने और जांच में शामिल होने के लिए कहा था. दूसरी ओर, समाचार एजेंसी पीटीआई को एक वरिष्ठ पुलिस अधिकार ने बताया कि अभियुक्त की गिरफ़्तारी हुई है. केंद्रीय मंत्री बंदी संजय कुमार ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "क़ानून और न्यायपालिका का पूरा सम्मान करते हुए, आज मेरा बेटा बंदी भगीरथ तेलंगाना पुलिस के सामने जांच के लिए गया. मैं पहले भी कह चुका हूं कि चाहे मेरा बेटा हो या कोई आम नागरिक, सब क़ानून के सामने बराबर हैं." एक और एक्स पोस्ट में उन्होंने लिखा, "भगीरथ को गिरफ़्तार नहीं किया गया था… वह खुद पुलिस पूछताछ के लिए पहुंचा था." इस मामले में अभियुक्त के ख़िलाफ़ पहले ही पुलिस ने लुकआउट सर्कुलर भी जारी किया था, ताकि वह देश छोड़कर न जा सके. यह मामला एक नाबालिग लड़की की मां की शिकायत पर दर्ज हुआ है. आरोप है कि भगीरथ ने नाबालिग लड़की का यौन शोषण किया. पुलिस ने आठ मई को पॉक्सो एक्ट और बीएनएस की धाराओं में केस दर्ज किया था. इस मामले में तेलंगाना हाईकोर्ट ने शुक्रवार को भगीरथ को गिरफ़्तारी से राहत देने से इनकार कर दिया था. हालांकि, केस दर्ज होने से कुछ घंटे पहले ही बंदी भगीरथ ने एक केस दर्ज कराया था. इसमें उन्होंने आरोप लगाया कि पीड़ित लड़की और उसके माता-पिता उसे हनी-ट्रैप कर रहे हैं और परेशान कर रहे हैं. इमेज स्रोत, Mikhail METZEL / POOL / AFP via Getty Images रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने यूएई (संयुक्त अरब अमीरात) के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन ज़ायद अल नहयान से ईरान जंग को लेकर बात की. क्रेमलिन (रूस का राष्ट्रपति कार्यालय) के मुताबिक़, दोनों नेताओं ने कहा कि शांति स्थापित करने के लिए राजनीतिक और कूटनीतिक बातचीत जारी रखना बहुत ज़रूरी है. पुतिन ने यूक्रेन युद्ध से जुड़े मानवीय मुद्दों पर यूएई के सहयोग की भी तारीफ़ की. अमेरिका-इसराइल से चल रहे युद्ध में ईरान का यूएई के साथ भी तनाव बढ़ गया है. यूएई का दावा है कि जंग के दौरान ईरान ने उस पर कई दफ़ा हमला किया था. जबकि हाल ही में ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची ने यूएई को अमेरिका और इसराइल का 'सक्रिय साझेदार' बताया और आरोप लगाया कि यूएई सीधे तौर पर ईरान पर हो रहे हमलों में शामिल है. इसके जवाब में यूएई ने कहा कि ईरान अपने हमलों को सही ठहराने की कोशिश कर रहा है. संबंधित कहानी: क्या अमेरिका और इसराइल फिर से कर रहे हैं ईरान पर हमले की तैयारी? बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा. कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें. बीबीसी हिन्दी के पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को आप उनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक कर विस्तार से पढ़ सकते हैं. क्या अमेरिका और इसराइल फिर से कर रहे हैं ईरान पर हमले की तैयारी? नीट पेपर लीक से चर्चा में आया राजस्थान का सीकर कोचिंग का नया हब कैसे बन गया? शी जिनपिंग से मुलाक़ात के बाद ट्रंप ने अमेरिका के दोस्त ताइवान को किस बात के लिए चेताया? जस्टिस सूर्यकांत ने 'कॉकरोच' वाले बयान पर दी सफ़ाई, बोले- 'मीडिया ने ग़लत ढंग से पेश किया'
स्रोत: BBC Hindi