आईपीएल 2026: अगर गुजरात टाइटंस और राजस्थान रॉयल्स का मैच धुल गया तो कौन पहुंचेगा फ़ाइनल में?
शुक्रवार शाम इंडियन प्रीमियर लीग यानी आईपीएल 2026 के क्वालिफ़ायर-2 मुक़ाबले में न्यू चंडीगढ़ में गुजरात टाइटंस और राजस्थान रॉयल्स आमने सामने होंगे. यह मैच तय करेगा कि आईपीएल 2026 के फ़ाइनल का टिकट किसे मिलेगा. हालांकि मैच से पहले ही भारतीय मौसम विभाग ने मौसम ख़राब होने की चेतावनी जारी की है. आईएमडी चंडीगढ़ के अनुसार, हरियाणा के कुछ इलाकों में भारी बारिश, 70-80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज़ आंधी, 90 किलोमीटर प्रति घंटे तक चलने वाली हवाओं और ओलावृष्टि हो सकती है और कुछ इलाकों को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है. गुजरात टाइटंस और राजस्थान रॉयल्स के बीच यह हाई-वोल्टेज मुकाबला शाम 7.30 बजे शुरू होना है, जबकि आईएमडी ने शाम 4 बजे से रात 9 बजे के बीच मौसम के सबसे ज़्यादा ख़राब रहने की आशंका जताई है. यह मैच क्वालिफ़ायर-1 में हारकर आ रही गुजरात टाइटंस और एलिमिनेटर में सनराइज़र्स हैदराबाद को हराने वाली राजस्थान रॉयल्स टीम के बीच है. एक दिन पहले ही न्यू चंडीगढ़ में खेले गए एलिमिनेटर मुक़ाबले में राजस्थान रॉयल्स ने सनराइज़र्स हैदराबाद पर 47 रन से जीत दर्ज की. इसमें वैभव सूर्यवंशी की 97 रनों की तूफ़ानी पारी की बड़ी भूमिका रही. क्रिकइनफ़ो के मुताबिक़, दोनों टीमें अपने टॉप-3 बल्लेबाज़ों पर काफ़ी निर्भर हैं, दोनों का मिडिल ऑर्डर कमज़ोर माना जाता है और दोनों के पास नई गेंद से असर डालने वाली गेंदबाज़ जोड़ी है. लेकिन मौसम दोनों टीमों की रणनीतियों पर पानी फेर सकता है. ऐसे में सवाल उठता है कि अगर मैच बारिश में धुल जाता है तो कौन सी टीम फ़ाइनल में पहुंचेगी. वो राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय ख़बरें जो दिनभर सुर्खियां बनीं. क्रिकइनफ़ो के मुताबिक़, दोनों टीमों में अच्छे खिलाड़ी हैं और जीतने के लिए उनकी अपनी अलग-अलग रणनीति है. इम्पैक्ट प्लेयर के दौर में भी गुजरात टाइटंस के ओपनर शुभमन गिल और बी साई सुदर्शन कम जोख़िम वाला खेल पसंद करते हैं और धीरे-धीरे रन जोड़ते हैं. इस सीजन पावरप्ले में उनका रन रेट 9.66 रहा है. टीम सामान्य से थोड़ा ऊपर स्कोर बनाकर अपनी गेंदबाज़ी के दम पर मैच बचाने में भरोसा रखती है. वहीं दूसरी ओर राजस्थान रॉयल्स की अगुआई 15 साल के युवा खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी कर रहे हैं, जो लगभग हर गेंद को बाउंड्री के पार भेजने की कोशिश करते हैं. गिल और साई सुदर्शन ने मिलकर इस सीजन 59 छक्के लगाए हैं, जबकि अकेले सूर्यवंशी ने 65 छक्के जड़ दिए हैं. यशस्वी जायसवाल के बेहतरीन फॉर्म में नहीं होने के बावजूद पहले छह ओवर में राजस्थान का रन रेट 11.66 रहा है, जो टूर्नामेंट में सबसे बेहतर है. जब कोई टीम पहले बल्लेबाज़ी करते हुए सामान्य से काफ़ी बड़ा स्कोर खड़ा कर देती है तो गुजरात टाइटंस कमज़ोर पड़ जाती है. क्वालिफ़ायर-1 में बेंगलुरु ने 5 विकेट पर 254 रन बनाए थे, जिसके बाद गुजरात टाइटंस के पास वापसी का ज़्यादा मौका नहीं था. राजस्थान रॉयल्स भी ऐसा करने में सक्षम है. टीम ने एलिमिनेटर में हैदराबाद के ख़िलाफ़ 8 विकेट पर 243 रन बनाए थे. हालांकि गुजरात टाइटंस की गेंदबाज़ी सन राइज़र्स हैदराबाद से कहीं ज़्यादा मजबूत है, लेकिन अगर सूर्यवंशी चल गए तो उन्हें और राजस्थान रॉयल्स को रोकना आसान नहीं होगा. यहीं पर टॉस अहम हो जाता है. इस सीजन लक्ष्य का पीछा करने वाली टीमों का जीत-हार रिकॉर्ड 43-27 का रहा है, जिसमें एक टाई और एक धुला मैच शामिल नहीं है. हालांकि अब तक दोनों प्लेऑफ मुकाबले पहले बल्लेबाज़ी करने वाली टीमों ने जीते हैं. ऐसे में अगर शुक्रवार को टॉस राजस्थान रॉयल्स के पक्ष में जाता है तो टीम पहले बल्लेबाज़ी करने और गुजरात टाइटंस को मैच से बाहर करने के इरादे से उतर सकती है. इसके अलावा मुकाबला उसी पिच पर खेला जाएगा जहां एलिमिनेटर हुआ था. शुक्रवार को चंडीगढ़ ट्राइसिटी में मौसम शांत था, हल्की हवाएं और बादल छाए रहने के बावजूद बारिश नहीं हुई. लेकिन मौसम विभाग ने साफ़ किया है कि शाम तक हालात तेज़ी से बदल सकते हैं. ग़ौरतलब है कि बीते 24 घंटों में मौसम में तेज़ी से बदलाव हुआ है. हरियाणा के कई हिस्सों में शनिवार और शुक्रवार की दरमियानी रात बारिश हुई थी. एक्यूवेदर के अनुसार, चंडीगढ़ में हवा की रफ़्तार 48 किलोमीटर प्रति घंटा है, बादल 70 प्रतिशत और ह्यूमिडिटी 33 प्रतिशत है. एक्यूवेदर के अनुमान के अनुसार, शाम सात से आठ बजे के बीच आंशिक रूप से बादल घिरने की संभावना है. इमेज स्रोत, INDRANIL MUKHERJEE/AFP via Getty Images मौसम विभाग की चेतावनी के कारण मैच पर संकट गहरा गया है. अगर मुकाबला बारिश की वजह से रद्द होता है, तो लीग चरण में बेहतर नेट रन रेट के आधार पर फ़ाइनल में जगह तय होगी. इस आधार पर गुजरात टाइटंस आईपीएल फ़ाइनल में पहुंच जाएगी. इसके बाद उसका सामना रविवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से होगा. आईपीएल 2026 के इस सीज़न में रॉयल चैंलेंजर्स बेंगलुरू और गुजरात टाइटंस दोनों ही 18-18 अंकों के साथ शीर्ष दो में हैं. हालांकि नेट रन रेट के आधार पर आरसीबी शीर्ष पर है और गुजरात टाइटंस दूसरे नंबर है. दोनों ने 14-14 मैच खेले हैं. इनमें दोनों ने ही 9-9 मैच जीते और 5-5 मैच हारे हैं. इस अंक तालिका में 18 अंकों के साथ सनराइज़र्स हैदराबाद तीसरे नंबर है और और 16 अंकों के साथ राजस्थान रॉयल्स चौथे स्थान पर है. बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित. (बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, एक्स, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और व्हॉट्सऐप पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)
स्रोत: BBC Hindi