पूर्ण संस्करण देखें
⚡ AMP पेज | पूर्ण वेबसाइट देखें
Death

आयरलैंड से पहले टी-20 मैच हारने के बाद वैभव सूर्यवंशी को दूसरे मैच में खिलाने पर बहस

✍️ Admin 📅 28 June, 2026 ⏰ 12:24 PM 👁 17 views

इमेज स्रोत, Charles McQuillan/Getty Images आयरलैंड के ख़िलाफ़ पहले टी-20 मैच में भारत को 34 रनों से हार मिली थी. इसके बाद आज यानी रविवार को भारतीय टीम दूसरे और आख़िरी मुक़ाबले उतरेगी. टीम का मक़सद सिरीज़ बराबर करना होगा. दोनों टीमों के बीच यह मुक़ाबला बेलफ़ास्ट के सिविल सर्विस क्रिकेट क्लब में भारतीय समयानुसार शाम छह बजे से खेला जाएगा. दूसरे मुक़ाबले के शुरू होने से पहले क्रिकेट फ़ैंस में सबसे अधिक उत्सुकता टीम के 15 वर्षीय बल्लेबाज़ वैभव सूर्यवंशी को लेकर है. आयरलैंड के ख़िलाफ़ वैभव को पहले टी-20 में डेब्यू का मौक़ा नहीं मिला था, जिसके बाद भारत की टीम के प्लेइंग इलेवन के चुनाव पर कई सवाल उठे. सोशल मीडिया पर टीम को आलोचनाओं का सामना करना पड़ा और यूज़र्स ने कहा कि वैभव को प्लेइंग इलेवन शामिल नहीं करना महंगा साबित हुआ. लेकिन अब सवाल ये है कि आज होने वाले मुक़ाबले में वैभव प्लेइंग इलेवन का हिस्सा होंगे या नहीं? इस पर एक्सपर्ट्स की राय बँटी हुई है. कुछ का मानना है कि पिछले मैच की टीम में शायद ही कोई बदलाव हो, क्योंकि जो बैटर रिप्लेस होगा, उसके साथ यह अन्याय होगा. वहीं कुछ का मानना है कि किसी दूसरे को बुरा लगने की वजह से टीम में अच्छे खिलाड़ी को नहीं लेना ग़लत है. इमेज स्रोत, Indranil MUKHERJEE / AFP via Getty Images) वो राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय ख़बरें जो दिनभर सुर्खियां बनीं. 26 जून 2026 को आयरलैंड और भारत के बीच मुक़ाबला हुआ था. यह पहली बार था, जब आयरलैंड ने किसी भी अंतरराष्ट्रीय मैच में भारतीय टीम को हराया. इस मैच में टीम 183 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए महज़ 148 रनों पर सिमट गई. इस मैच के बाद कप्तान श्रेयस अय्यर ने बल्लेबाज़ी के बजाय गेंदबाज़ी को हार का कारण बताया था. अय्यर ने कहा था, "शुरुआत में हमारे गेंदबाज़ शानदार गेंदबाज़ी कर रहे थे. लेकिन बीच के ओवरों में हम अपनी योजना के मुताबिक़ गेंदबाज़ी नहीं कर सके और विरोधी बल्लेबाज़ों को सीधे मैदान के सामने की ओर शॉट खेलने का मौक़ा दे दिया, जहां बाउंड्री छोटी थी." "मुझे लगा था कि गेंदबाज़ों ने जैसी शुरुआत दिलाई थी, उसके हिसाब से 140 रन का लक्ष्य अच्छा रहता. लेकिन हां, कप्तान के तौर पर यह शानदार शुरुआत रही." उन्होंने हँसते हुए यह बात कही. सूर्यवंशी के खेलने पर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा, "दुर्भाग्य से नहीं. वह शानदार खिलाड़ी हैं, लेकिन हमारी टीम में ऐसे कई खिलाड़ी हैं, जिन्होंने हमारे लिए अच्छा प्रदर्शन किया है, इसलिए हम उन पर भरोसा जता रहे हैं. समय आने पर उन्हें भी मौक़ा मिलेगा." इमेज स्रोत, Ashley Allen-ICC/ICC via Getty Images क्रिकेट कमेंटेटर आकाश चोपड़ा का मानना है कि वैभव सूर्यवंशी को आज होने वाले मुक़ाबले में शायद ही जगह मिले. उन्होंने प्लेइंग इलेवन टीम का अनुमान लगाते हुए कहा, "मैं अभी संजू सैमसन को नहीं छेड़ने वाला. मैं अभी अभिषेक शर्मा को नहीं छेड़ने वाला. जो लोग थोड़ी भी क्रिकेट देखते हैं, चाहे वे दुनिया में कहीं भी रहते हों, उन्होंने वैभव सूर्यवंशी को सामने से खेलते हुए नहीं देखा है. लेकिन फिर भी वे जानते हैं कि वैभव सूर्यवंशी कौन है और वह इतना ख़ास क्यों है." उन्होंने वैभव के लिए कहा, "उसका समय आएगा. अभी नहीं आ सकता. मैं बल्लेबाज़ी में कोई बदलाव नहीं करने वाला. मैं अभी संजू, अभिषेक और ईशान किशन को नहीं छेड़ने वाला. मैं अभी रोटेशन की बात भी नहीं करने वाला." दूसरी ओर, पूर्व भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद कैफ़ का मानना है कि अब टीम के आगे बढ़ने का समय है और वैभव सूर्यवंशी शानदार फ़ॉर्म में हैं इसलिए उनका इस्तेमाल करना चाहिए. उन्होंने एक बातचीत में कहा, "अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन को पहले ही मौक़े मिल चुके हैं. अब आगे देखने का समय है. वैभव सूर्यवंशी शानदार फ़ॉर्म में है, ऑरेंज कैप जीत रहा है और रिकॉर्ड तोड़ रहा है." कैफ़ ने कहा, "अगर भारत उसे खिलाना चाहता है, तो वैभव को संजू सैमसन के साथ ओपनिंग करने दें और अभिषेक शर्मा को नंबर तीन पर भेजें." वरिष्ठ खेल पत्रकार विक्रांत गुप्ता का मानना है कि ब्रॉडकास्टर्स, ईसीबी और पुराने कमेंटेटर वैभव सूर्यवंशी को बहुत ज़्यादा बढ़ा-चढ़ाकर दिखा रहे हैं. उन्होंने पहले मैच का ज़िक्र करते हुए कहा, "आप अपने वर्ल्ड कप जीतने वाले ओपनर अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन को बाहर नहीं कर सकते. वैभव सूर्यवंशी बड़ा टैलेंट है और एक बार टीम में आया तो हमेशा रहेगा." हालांकि, उन्होंने इस बात की संभावना जताई कि वैभव सूर्यवंशी को आयरलैंड के ख़िलाफ़ होने वाले दूसरे टी-20 में खेलने का मौक़ा मिल सकता है. पूर्व भारतीय क्रिकेटर आर अश्विन ने भी वैभव सूर्यवंशी को आयरलैंड के ख़िलाफ़ पहले मैच में प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं देने के फ़ैसले का समर्थन किया है. उन्होंने कहा कि क्रिकेट टीम में किसी 'व्यक्ति विशेष के लिए' जगह नहीं होती. अपने यूट्यूब चैनल 'ऐश की बात' में आर अश्विन ने कहा, "वैभव सूर्यवंशी बहुत अच्छा प्लेयर है. बहुत बार हमने तारीफ़ भी की है. लेकिन हमको ये समझना चाहिए कि ये क्रिकेट टीम है, कोई इंडिविजुअल के लिए टीम नहीं बनाते और गौतम गंभीर ने कहा है कि टीम को प्राथमिकता देनी है, कोई सुपरस्टार कल्चर नहीं रहेगा." उन्होंने कहा, "मैं मानता हूं कि सुपरस्टार खेल के लिए ग्रेट होते हैं. उनकी वजह से खेल को बेचना आसान होता है. लेकिन अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन ने क्या ग़लती की है, जो उनको टीम से बाहर करके वैभव सूर्यवंशी को खेलने दिया जाए." "संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा ने एक साथ ओपनिंग बैटिंग की है. संजू ने वर्ल्ड कप में भी बहुत बढ़िया किया. अगर इन दोनों में से किसी को बाहर बिठाकर वैभव सूर्यवंशी को खेलाया जाता है तो टीम गेम कहने का मतलब क्या है?" उन्होंने कहा, "बहुत बार बाहर बैठकर मैच देखने की भी वैल्यू है. उसको बाहर बैठने दो, टीम की सेवा करने दो, पानी पिलाने दो. उसमें सीखने को बहुत सारी चीज़ें मिलेंगी." हालांकि, वरिष्ठ पत्रकार विक्रम चंद्रा मानते हैं कि टीम के सबसे रोमांचक खिलाड़ी को सिर्फ़ इसलिए बाहर करना कि 'किसी को बुरा लगेगा', यह जायज़ वजह नहीं है. बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित. (बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, एक्स, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और व्हॉट्सऐप पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)

स्रोत: BBC Hindi

📤 शेयर करें: