मगरमच्छ के हमले में किसान की दर्दनाक मौत परिजनों में कोहराम
सूचना के मुताबिक केशवराम सोमवार को भैंस चराने के लिए नदी किनारे गए थे। इसी दौरान उन्हें प्यास लगी तो वह नदी का पानी पीने के लिए किनारे झुके। तभी नदी में मौजूद मगरमच्छ ने अचानक उन पर हमला कर दिया और उन्हें पानी में खींच लिया। मौके पर मौजूद लोगों के शोर मचाने के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।
ग्रामीणों का कहना है कि इस क्षेत्र में मौजूद यह आदमखोर मगरमच्छ अब तक आधा दर्जन से अधिक लोगों को अपना शिकार बना चुका है। इसी वर्ष मगरमच्छ के हमले में यह दूसरी मौत है, जबकि कुछ समय पहले एक अन्य व्यक्ति पर हुए हमले में ग्रामीणों की सतर्कता से उसकी जान बचा ली गई थी।
लगातार हो रही घटनाओं से नदी किनारे बसे गांवों के लोगों में भारी भय व्याप्त है। ग्रामीणों ने वन विभाग और प्रशासन से आदमखोर मगरमच्छ को तत्काल पकड़ने तथा नदी किनारे सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। पुलिस और राजस्व विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई में जुट गए हैं।