पूर्ण संस्करण देखें
⚡ AMP पेज | पूर्ण वेबसाइट देखें
Death

सीजेपी के 'संसद मार्च' की कितनी संभावना, दिल्ली पुलिस ने क्या कहा?

✍️ Admin 📅 20 July, 2026 ⏰ 07:47 AM 👁 75 views

कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) सोमवार सुबह 9 बजे जंतर-मंतर से संसद भवन तक मार्च करने वाली है. दिल्ली पुलिस ने मार्च को किसी भी तरह की अनुमति देने से इनकार किया है. कई विपक्षी नेताओं ने भी इस मार्च का समर्थन किया है और इसमें शामिल होने की बात कही है, लेकिन सवाल ये है कि क्या दिल्ली पुलिस प्रदर्शनकारियों को संसद भवन तक मार्च करने देगी. सोमवार यानी 20 जुलाई से संसद का मॉनसून सत्र शुरू हो रहा है. मॉनसून सत्र के पहले दिन प्रदर्शनकारी संसद भवन जाकर अपनी मांग रखना चाहते हैं. सीजेपी के फ़ाउंडर अभिजीत दीपके ने रविवार को बीबीसी से बात करते हुए कहा, "हम हज़ारों की संख्या में 9 बजे संसद के लिए निकलेंगे. हमारी जो भी मांगे हैं हम वहां रखेंगे. हम कोशिश करेंगे कि हमारे डेलिगेशनको अंदर जाने दिया जाए ताकि हम अपनी मांग वहां रख सकें." दीपके को भरोसा है कि वो संसद तक मार्च करने में सफल होंगे. दीपके ने कहा, "इतनी बैरिकेडिंग होने के बाद भी हम निकल पाएंगे क्योंकि हज़ारों की संख्या में लोग आ रहे हैं. हमें पुलिस क्यों रोकेगी. हम कोई ग़लत चीज़ थोड़ी कर रहे हैं." सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक पिछले 23 दिनों से अनशन पर हैं. दिल्ली पुलिस ने उन्हें शनिवार सुबह सफ़दरजंग हॉस्पिटल में शिफ़्ट किया था. इसके बाद प्रोटेस्ट साइट पर अचानक भीड़ बढ़ गई. उन्होंने नीट परीक्षा में कथित अनियमितताओं के ख़िलाफ़ 28 जून से दिल्ली के जंतर-मंतर पर भूख हड़ताल शुरू की थी. वांगचुक और दूसरे आंदोलनकारी केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफ़े की मांग कर रहे हैं. रविवार दोपहर दिल्ली हाईकोर्ट ने वांगचुक को अस्पताल से छुट्टी देने से इनकार कर दिया, जिसके बाद गीतांजलि ने कहा कि वो सोमवार को संसद मार्च में अपने पति वांगचुक की ओर से शामिल रहेंगी. रविवार रात, सोनम की पत्नी गीतांजलि आंग्मो ने कहा कि अगर सांसद और नेता अस्पताल में सोनम से मिलें और उन्हें भरोसा दिलाएं कि वो संसद सत्र के दौरान शिक्षा में जवाबदेही का मुद्दा उठाएंगे, तो सोनम सोमवार को अपनी भूख हड़ताल खत्म कर देंगे. दिल्ली पुलिस ने रविवार शाम एक एडवाइजरी जारी कर सोमवार को किसी भी तरह के मार्च की इजाज़त देने से इनकार किया है. नई दिल्ली के डीसीपी सचिन शर्मा ने कहा, "20 जुलाई को संसद तक प्रस्तावित मार्च को लेकर सामने आ रही खबरों के मद्देनज़र यह स्पष्ट करता हूं कि ऐसे किसी मार्च के लिए दिल्ली पुलिस को कोई आवेदन नहीं मिला है और न ही कोई अनुमति दी गई है." "नई दिल्ली में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 के तहत प्रोहिबिटरी ऑर्डर लागू है. इसके तहत जंतर-मंतर स्थित निर्धारित प्रदर्शन स्थल को छोड़कर, पांच या उससे अधिक लोगों के इकट्ठा होने, विरोध मार्च निकालने या प्रदर्शन करने पर प्रतिबंध है." दिल्ली पुलिस ने आम लोगों से इस मार्च में शामिल न होने की अपील की है. पुलिस ने बताया कि सोमवार से संसद का सत्र शुरू हो रहा है. इसे देखते हुए आम जनता की सुरक्षा, क़ानून-व्यवस्था बनाए रखने और महत्वपूर्ण सरकारी प्रतिष्ठानों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए व्यापक सुरक्षा इंतज़ाम किए गए हैं. बीबीसी संवाददाता जुगल पुरोहित शुरुआत से ही इस प्रदर्शन को कवर कर रहे हैं. उन्होंने रविवार को दिल्ली पुलिस के सुरक्षा इंतज़ाम का भी जायज़ा लिया. जुगल पुरोहित ने बताया, "जंतर-मंतर स्थित प्रदर्शन स्थल के आस-पास पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए हैं. वहां भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है. धरना स्थल के पास कई चरणों में बैरिकेडिंग की गई है. वहां पहुंचना और वहां से निकलना आसान नहीं होगा." जुगल ने बताया कि धरना स्थल की एग्ज़िट लेन में करीब चार लेयर की बैरिकेडिंग की गई है. इस लेन में करीब सात फीट ऊंचे बैरिकेड भी लगाए गए हैं. देश - दुनिया की बड़ी ख़बरें जिन्होंने बटोरी सुर्खियां. विपक्षी पार्टियां और नेता शुरू से इस आंदोलन से दूरी बनाए हुए थे, लेकिन अब कुछ नेताओं ने व्यक्तिगत तौर पर इस आंदोलन में शामिल होने की बात कही है. रविवार को दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया धरना स्थल पहुंचे. उन्होंने लोगों से पार्टी से ऊपर उठकर इस मार्च में शामिल होने की बात कही. उन्होंने एक्स पर लिखा, "सोमवार को शिक्षा क्रांति के समर्थन में प्रोटेस्ट मार्च के लिए मैं भी जंतर मंतर पहुंचूंगा. ये मार्च किसी एक व्यक्ति या संगठन के समर्थन में नहीं है. यह देश के बच्चों के भविष्य के समर्थन में मार्च है. यह भारत को शिक्षा माफिया से आज़ाद कराने का मार्च है." समाजवादी पार्टी की सांसद प्रिया सरोज ने रविवार को जंतर-मंतर पहुंचकर मंच से इस मार्च में शामिल होने की अपील की. और वो इससे पहले भी कह चुकी हैं कि सोमवार को होने वाले मार्च में वो शामिल होंगी. रविवार को समाजवादी पार्टी के सांसद राजीव राय और इक़रा हसन भी पहुंचे. मंच से बोलते हुए राजीव राय ने कहा कि समाजवादी पार्टी और उनके सभी कार्यकर्ता सीजेपी के इस आंदोलन के साथ हैं. वहीं शुक्रवार को कांग्रेस पार्टी के प्रवक्ता और राज्यसभा सांसद पवन खेड़ा सोनम वांगचुक और प्रदर्शनकारियों से मिलने जंतर-मंतर पहुंचे थे. उन्होंने एक्स पर लिखा, "लोकतंत्र में शांतिपूर्ण विरोध-प्रदर्शन करना हर नागरिक का संवैधानिक अधिकार है. जब नागरिक अपनी बात सुनाने के लिए उपवास करते हैं, तो सरकार का कर्तव्य उनकी बात सुनना होता है, न कि उनसे मुंह मोड़ लेना. यही राजधर्म है." उन्होंने आगे लिखा, "कांग्रेस पार्टी की ओर से, मैं जंतर-मंतर पर सोनम वांगचुक और प्रदर्शनकारियों से मिला और उनसे आग्रह किया कि वे अपनी बिगड़ती सेहत को देखते हुए अपना अनशन समाप्त कर दें. किसी आंदोलन को अपने लोगों को खोकर मज़बूत नहीं किया जा सकता. हम आगे भी संघर्ष करने के लिए जीवित रहते हैं." हालांकि अभी तक कांग्रेस के किसी बड़े नेता ने इस मार्च में शामिल होने की बात नहीं कही है. बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित. BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.

स्रोत: BBC Hindi

📤 शेयर करें: