नेतन्याहू की गिरफ़्तारी के सवाल पर ममदानी ने अब क्या कहा
बिहार के सिवान में स्टूडेंट्स के समूह की ओर बिहार पुलिस के जवान का एके-47 राइफ़ल तानने का एक वीडियो वायरल होने के बाद राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव ने सीएम सम्राट चौधरी पर बिहार में 'पुलिस स्टेट' चलाने का आरोप लगाया है. उन्होंने समाचार एजेंसी पीटीआई से कहा, ''एनडीए सरकार और सम्राट चौधरी बिहार को गुंडों के सहारे चलने वाला पुलिस स्टेट बनाने की कोशिश कर रहे हैं. जब नीट पेपर लीक मामले में केंद्र सरकार को छात्रों के सामने झुकना पड़ा और समझौता हो गया था, तो फिर सम्राट चौधरी के आदेश पर बिहार में सैकड़ों छात्रों को क्यों गिरफ़्तार किया गया?'' ''छात्रों पर न सिर्फ़ लाठीचार्ज किया गया, बल्कि आरोप है कि देश के इतिहास में पहली बार किसी छात्र प्रदर्शन के दौरान एके-47 राइफलों से भी गोली चलाई गई.'' बिहार के सिवान ज़िले में 25 जुलाई को धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफ़े की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे स्टूडेंट्स के समूह की ओर बिहार पुलिस के जवान का एके-47 राइफ़ल तानने का एक वीडियो वायरल है. इस वीडियो को लेकर बीजेपी और कांग्रेस के बीच बयानबाज़ियां तेज़ हो गई हैं. वहीं बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने इसे पुलिस का स्टूडेंट्स पर एके-47 से फ़ायरिंग का देश का पहला मामला बताया है. इस मामले पर सिवान के एसपी पूरण झा ने बीबीसी न्यूज़ हिन्दी की संवाददाता सीटू तिवारी से पुष्टि की है कि बिहार पुलिस के एसआईटी के जवान अभिषेक पटेल को निलंबित कर दिया गया है. एसपी पूरण झा ने बीबीसी न्यूज़ हिन्दी को बताया कि तीन में से एक प्रदर्शनकारी को पुलिस की गोली लगी है, बाक़ी दो लोगों को गोली कैसे लगी इसकी जांच की जा रही है. उन्होंने कहा कि घायलों में किसी को भी एके 47 से चलाई गोली नहीं लगी है. उन्होंने बताया कि 'एके 47 की लाइन ऑफ़ फ़ायरिंग हवा में थी, उससे लगी गोली घातक होती है.' इमेज स्रोत, Kenzo TRIBOUILLARD / POOL / AFP via Getty Images फ़्रांस में जंगलों की आग अब इसके दक्षिण-पश्चिमी शहर बोर्दो से सिर्फ़ 15 किलोमीटर दूर रह गई है. बोर्दो के मेयर ने कहा है कि वह हर संभावित स्थिति के लिए तैयार हैं. मेयर थॉमस काज़ेनाव ने कहा, "अगर और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाने का आदेश दिया जाता है, तो हम बड़ी संख्या में लोगों के ठहरने की तैयारी कर रहे हैं." गिरोंद क्षेत्र के आग प्रभावित इलाक़े का दौरा करने पहुंचे फ़्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने कहा कि देश "अब तक की अभूतपूर्व जंगल की आग" का सामना कर रहा है. उन्होंने इसे द्वितीय विश्व युद्ध के बाद की सबसे भीषण आग बताया. फ़्रांस में अब तक 2.20 लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा जा चुका है. वहीं, स्पेन में मैड्रिड के पश्चिम में बेकाबू आग के कारण एक लाख से ज़्यादा लोगों को अपने घर छोड़ने पड़े हैं. मंगलवार को एक और भीषण लू (हीटवेव) आने की आशंका है, जिससे आग बुझाने के अभियान में और मुश्किलें आ सकती हैं. इससे पहले फ़्रांस के गृह मंत्री लॉरां नुनेज़ ने कहा था कि "यह आग अब अपने ही तरीके से फैल रही है और उस पर काबू पाना बेहद मुश्किल हो गया है." इमेज स्रोत, Michael M. Santiago/Getty Images न्यूयॉर्क शहर के मेयर ज़ोहरान ममदानी ने इसराइली प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू के न्यूयॉर्क आने पर गिरफ़्तार करने के सवाल पर प्रतिक्रिया दी है. ममदानी ने कहा, "प्रधानमंत्री नेतन्याहू के साथ बयानबाज़ी या आरोप-प्रत्यारोप में पड़ने में मेरी कोई दिलचस्पी नहीं है." ममदानी ने नेतन्याहू की प्रतिक्रिया से जुड़े सवालों को टालते हुए यह बात कही. जब उनसे पूछा गया कि क्या उन्होंने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ अपनी अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायालय से जुड़ी पिछली टिप्पणियों पर चर्चा की थी, तो ममदानी ने कहा कि वह राष्ट्रपति ट्रंप के साथ हुई बातचीत को सार्वजनिक नहीं करेंगे. उन्होंने यह भी कहा कि उनकी प्राथमिकता न्यूयॉर्क के सभी निवासियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है. इससे पहले, नेतन्याहू ने कहा था कि वह संयुक्त राष्ट्र महासभा की बैठक में शामिल होने के लिए सितंबर में आख़िर में न्यूयॉर्क जाएंगे. उन्होंने ममदानी पर नफ़रत फ़ैलाने का आरोप भी लगाया था. ज़ोहरान ममदानी ने उन्हें न्यूयॉर्क आने पर गिरफ़्तार करने की बात कही थी. हालांकि बाद में उन्होंने अपना ये बयान वापस ले लिया था.उन्होंने माना था कि अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायालय (आईसीसी) की ओर से जारी गिरफ़्तारी वारंट के आधार पर नेतन्याहू को गिरफ़्तार कराने का कानूनी अधिकार उनके पास नहीं है. इमेज स्रोत, Sanchit Khanna/Hindustan Times via Getty Images कॉकरोच जनता पार्टी के प्रवक्ता सौरव दास ने कहा है कि बिहार और असम सरकार ने प्रदर्शनकारियों के ख़िलाफ़ दर्ज सभी एफ़आईआर वापस लेने की गारंटी दी है. सौरव दास ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर 27 जुलाई की देर रात एक वीडियो जारी कर कहा कि पार्टी की प्रेस कॉन्फ़्रेंस के बाद सरकार के प्रतिनिधियों ने उनसे और उनके साथियों से मुलाक़ात की थी. सौरव दास ने कहा, ''सरकार के प्रतिनिधियों से मुलाक़ात दो-तीन घंटे तक चली. उन्होंने बिहार और असम सरकार के नोटिफ़िकेशन की कॉपी शेयर की, जिसमें प्रदर्शनकारियों के ख़िलाफ़ दर्ज सभी एफ़आईआर वापस लेने की गारंटी दी गई थी.'' ''इसमें ये कभी कहा गया है कि भविष्य में उनके ख़िलाफ़ कोई एक्शन नहीं लिया जाएगा. साथ ही हिरासत में लिए गए और गिरफ़्तार सभी लोगों को छोड़ने की बात की गई है.'' ''उन्होंने फिर से भरोसा दिलाया है कि केंद्र सरकार और बीजेपी और एनडीए शासित दूसरे राज्यों की ओर से गारंटी संबंधी नोटिफ़िकेशन कल तक जारी कर दिए जाएंगे. उम्मीद है कि वही भाषा इस्तेमाल की जाएगी, जिस पर सहमति बनी थी.'' ''किसी भी प्रदर्शनकारी को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा. हम सब इस लड़ाई में साथ हैं.'' अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि ईरान के साथ जारी तनाव को लेकर ‘काफी दोस्ताना बातचीत’ चल रही है. लगातार तीसरे दिन भी दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर कोई हमला नहीं किया. एयर फ़ोर्स वन में पत्रकारों से बातचीत के दौरान ट्रंप ने सोमवार को कहा, "मुझे लगता है कि इस युद्ध को खत्म करने की अच्छी संभावना है." हालांकि उन्होंने चेतावनी भी दी कि अगर यह बातचीत नाकाम रही, तो अमेरिका फिर वही कार्रवाई शुरू करेगा जो संघर्ष विराम से पहले कर रहा था. उधर, ईरान ने इस बात से इनकार किया है कि अमेरिका के साथ उसकी कोई सीधी बातचीत हो रही है. ट्रंप ने कहा कि उन्होंने शुक्रवार को ईरान पर अमेरिकी हमले इसलिए रोक दिए, क्योंकि दोनों देशों के बीच मध्यस्थता कर रहे देशों ने बातचीत का एक और मौका देने का अनुरोध किया था. ईरान ने भी अपने हमले फिलहाल रोक दिए हैं. यह ठहराव लगभग दो सप्ताह तक रोज़ाना चले अमेरिकी हमलों और उन पर ईरान की जवाबी कार्रवाई के बाद आया है. इन हमलों ने जून में हुए संघर्ष विराम को लगभग पूरी तरह बेअसर कर दिया था. उस समय अमेरिकी सेना ने कहा था कि उसके हमलों का मकसद होर्मुज़ स्ट्रेट से गुजरने वाले कॉमर्शियल जहाजों के लिए ख़तरा पैदा करने की ईरान की क्षमता को कमजोर करना था. बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता दीपक मंडल अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा. कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें. बीबीसी न्यूज़ हिन्दी पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए उनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक करें. जौहर यूनिवर्सिटी को गिराए जाने पर अंतरिम रोक लगाई गई, लेकिन स्टूडेंट्स को क्या है चिंता योगेंद्र यादव का इंटरव्यू: 'सोनम वांगचुक को अनशन तोड़ने के लिए मंत्री के हाथ से गिलास लेने की क्या ज़रूरत थी' सीजेपी का दावा सरकार के साथ हुए 'समझौते का उल्लंघन' हो रहा है, उठाए ये सवाल फ़ैटी लिवर के बारे में कैसे पता चलता है और इससे बचने के लिए क्या जानना है ज़रूरी
स्रोत: BBC Hindi