नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत की थीम पर जिला स्तरीय युवा उत्सव का आयोजन
गोण्डा, 31 अक्टूबर 2026* - विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग-2027 के अंतर्गत शनिवार को युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग द्वारा, टाउन हॉल गोण्डा में जनपद स्तरीय कल्चरल ट्रैक (युवा उत्सव) कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की थीम 'नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत' रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि भाजपा जिला महामंत्री रंजीत बाबा कश्यप ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर अतिथि के रूप में भाजपा जिला मंत्री दीपक गुप्ता, संदीप मेहरोत्रा, मनीष द्विवेदी तथा राजकीय इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. सुधीर पांडेय उपस्थित रहे।
युवा उत्सव में जनपद के विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के विद्यार्थियों सहित गोण्डा के निवासी प्रतिभागियों ने पांच विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कविता लेखन प्रतियोगिता में आस्था द्विवेदी ने प्रथम, कशिश राय ने द्वितीय तथा हर्षिता सिंह ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। चित्रकारी प्रतियोगिता में आयुषी गुप्ता प्रथम, ज्योति शर्मा द्वितीय एवं अलमता तृतीय स्थान पर रहीं।
इसी प्रकार लोकनृत्य समूह प्रतियोगिता में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज गोण्डा की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। नुक्कड़ नाटक में सरयू प्रसाद बालिका इंटर कॉलेज तथा लोकगीत प्रतियोगिता में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज गोण्डा की टीम विजेता रही।
कार्यक्रम में जनपद स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को मंडल स्तरीय युवा उत्सव में प्रतिभाग करने का अवसर मिलेगा। समापन समारोह में विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) अजीत सिंह के प्रतिनिधि, एलबीएस महाविद्यालय गोण्डा के प्राचार्य एवं प्रभारी जिला युवा कल्याण अधिकारी पंकज तिवारी द्वारा विभिन्न विधाओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
प्रतियोगिताओं के निर्णायक मंडल में मांडवी तिवारी, शेफाली पांडेय एवं अभिजीत कुमार सिंह सहित अन्य सदस्य शामिल रहे। कार्यक्रम के सफल आयोजन में विभाग की क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी आयुषी वर्मा, कुलदीप यादव, प्रिया यादव, आयुष कुमार एवं वरिष्ठ सहायक उषा कुमारी का विशेष सहयोग रहा।