पूर्ण संस्करण देखें
⚡ AMP पेज | पूर्ण वेबसाइट देखें
Events

नव विवाहिता मौत मामले में अभी तक नहीं हुई कोई गिरफ्तारी एसपी से गुहार

✍️ Admin 📅 15 May, 2026 ⏰ 07:47 PM 👁 61 views



गोण्डा। जनपद के थाना कोतवाली देहात क्षेत्र में दर्ज नवविवाहिता मृत्यु प्रकरण ने पुलिस के लचर रवैये से मामले ने अब तूल पकड़ लिया है। मामले में पीड़ित पक्ष द्वारा पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल को प्रार्थना पत्र देकर नामजद आरोपियों की शीघ्र ही गिरफ्तारी एवं निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की गई  है।

 पीड़ित पक्ष का आरोप है कि घटना को कई दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस द्वारा अभी तक किसी भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया गया है। इससे परिवार भय और मानसिक तनाव के माहौल में जीने को मजबूर है। प्रार्थना पत्र में बताया गया है कि थाना कोतवाली देहात के पूरे उदई गांव में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत के मामले में मुकदमा दर्ज कराया गया है। मामले में दहेज प्रतिषेध अधिनियम समेत अन्य गंभीर धाराओं में अभियोग पंजीकृत है। इसके बावजूद पुलिस की कार्रवाई आगे नहीं बढ़ रही है। पीड़ित पक्ष का कहना है कि मृतका के शरीर पर चोटों के निशान भी पाए गए हैं, जिसका उल्लेख पोस्टमार्टम रिपोर्ट में होने का दावा किया गया है। 

परिवार का आरोप है कि यह मामला सामान्य मृत्यु न होकर अत्यंत गंभीर एवं संदिग्ध प्रतीत होता है। इसके चलते परिजन लगातार न्याय की मांग को लेकर अधिकारियों के चक्कर काट रहे हैं। फिर भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो रही है। प्रार्थना पत्र में यह भी कहा गया है कि नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है, व परिवार वालों का कहना है कि आरोपियों द्वारा सुलह समझौता करने का हम पर दबाव बनाया जा रहा है। परिवार ने आशंका जताई है कि यदि समय रहते आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो मामले को प्रभावित करने का प्रयास किया जा सकता है। 

 पीड़ित पक्ष ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष एवं त्वरित विवेचना कराते हुए सभी नामजद आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई हो सके।इस प्रकरण को लेकर क्षेत्र में भी चर्चा का माहौल बना हुआ है और लोग मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं। अब देखना होगा कि पुलिस प्रशासन इस गंभीर मामले में कितनी तेजी से कार्रवाई करता है, और आरोपियों को गिरफ्तार करता है या फिर मामले को ठंडे बस्ते में डाल दिया जाता है।

📤 शेयर करें: