पूर्ण संस्करण देखें
⚡ AMP पेज | पूर्ण वेबसाइट देखें
Examination

एलबीएस के पांच छात्रों ने यूजीसी जेआरएफ नेट परीक्षा में प्राप्त की सफलता

✍️ Admin 📅 06 February, 2026 ⏰ 03:38 PM 👁 87 views


गोंडा। लाल बहादुर शास्त्री डिग्री कॉलेज गोण्डा के लिए यह अत्यंत हर्ष एवं गर्व का अवसर है कि महाविद्यालय के हिंदी एवं अंग्रेज़ी विभाग के कुल पाँच विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय अनुदान आयोग द्वारा आयोजित यूजीसी जेआरएफ/नेट परीक्षा में सफलता अर्जित कर संस्थान की शैक्षणिक उत्कृष्टता को प्रतिष्ठा दिलाई है।
हिंदी विभाग की अध्ययनरत छात्रा अंजली कसौधन पुत्री कन्हैयालाल ने यूजीसी जेआरएफ नेट परीक्षा उत्तीर्ण कर शोध एवं प्राध्यापन के क्षेत्र में अपने उज्ज्वल भविष्य की सुदृढ़ आधारशिला रखी है। सत्र 2024–25 में हिंदी विषय से एम.ए. उत्तीर्ण छात्रा पूर्णिमा श्रीवास्तव पुत्री सुभाषचंद्र श्रीवास्तव तथा सत्र 2023–24 में हिंदी विभाग से एम.ए. पूर्ण कर चुके छात्र दीपक कुमार पांडेय पुत्र उमाशंकर पांडेय ने यूजीसी नेट परीक्षा में सफलता प्राप्त की है।
इसी क्रम में महाविद्यालय के अंग्रेज़ी विभाग से सत्र 2024–25 में एम.ए. उत्तीर्ण छात्राओं अभिकृति एवं साक्षी ने भी यूजीसी नेट परीक्षा उत्तीर्ण कर महाविद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है।
हिंदी विभागाध्यक्ष एवं मीडिया प्रभारी प्रो. जय शंकर तिवारी ने जानकारी देते हुए बताया कि नेशनल टेस्टिंग एजेंसी द्वारा आयोजित विश्वविद्यालय अनुदान आयोग की कनिष्ठ अनुसंधान अध्येतावृत्ति (जेआरएफ) एवं असिस्टेंट प्रोफेसर अर्हता परीक्षा में विद्यार्थियों की यह सफलता उनके सतत परिश्रम, अनुशासित अध्ययन एवं विभागीय शैक्षणिक मार्गदर्शन का परिणाम है। यह उपलब्धि महाविद्यालय की अकादमिक संस्कृति को सशक्त करती है।
महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य प्रो. बी. पी. सिंह, आईक्यूएसी समन्वयक प्रो. जितेंद्र सिंह, हिंदी विभाग के प्राध्यापक पवन कुमार सिंह, अच्युत शुक्ल, डॉ. मुक्ता टंडन, पिंकी शुक्ला ने सफल विद्यार्थियों को शुभकामनाएँ दीं।
वहीं अंग्रेज़ी विभाग के अध्यक्ष प्रो. वी. सी. एच. एन. के. श्री निवास राव तथा असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. विवेक प्रताप सिंह, डॉ. वंदना भारती एवं डॉ. अमित वर्मा ने विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

📤 शेयर करें: