पूर्ण संस्करण देखें
⚡ AMP पेज | पूर्ण वेबसाइट देखें
FIR

पुरानी रंजिश में दबंगों ने घर में घुसकर किया जानलेवा हमला तीन पर एफआईआर

✍️ Admin 📅 30 October, 2026 ⏰ 08:53 PM 👁 75 views

बालपुर गोंडा। थाना कोतवाली करनैलगंज क्षेत्र की पुलिस चौकी बालपुर क्षेत्र की ग्रामपंचायत कपूरपुर के गांव मिश्रपुरवा में पुरानी रंजिश को लेकर बुधवार रात खूनी संघर्ष हो गया। दबंगों ने लाठी-डंडा, ईंट, गुम्मा और कुल्हाड़ी लेकर घर में घुसकर मारपीट किया। विरोध करने पर भाई के सिर पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया, जिससे वह मरणासन्न अवस्था में बेहोश हो गया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दिया है।

दर्ज की गई एफआईआर के मुताबिक कपूरपुर मिश्रपुरवा निवासी राजेश कुमार यादव पुत्र रामजतन यादव ने तहरीर दिया है कि दिनांक 28 अक्टूबर को रात गांव के ही ललित यादव पुत्र सीताराम यादव, सुनील कुमार यादव व अनिल कुमार यादव पुत्र सीताराम यादव पुरानी रंजिश को लेकर उसके घर के अंदर घुस आए। आरोप है कि तीनों ने एक राय होकर ईंट, गुम्मा, लाठी, डंडा व कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। जब पीड़ित ने विरोध किया तो आरोपियों ने मां-बहन की गाली-गलौज देते हुए जान से मारने की धमकी दिया। तहरीर में आगे कहा गया है कि जब पीड़ित को बचाने उसका भाई राकेश आया तो विपक्षी ललित ने जान से मारने की नियत से उसके भाई के सिर पर कुल्हाड़ी से हमला  कर दिया, जिससे भाई बेहोश होकर मरणासन्न अवस्था में पहुंच गया।

पीड़ित राजेश की तहरीर पर थाना कर्नलगंज में दिनांक 28/10/2026 को रात 10:30 बजे भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 333, 110, 352, 351(3), 115(2), 118(1) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। विवेचना चौकी प्रभारी बालपुर उपनिरीक्षक वीरपाल सिंह बघेल को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि घायल का मेडिकल कराया जा रहा है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

📤 शेयर करें: