पूर्ण संस्करण देखें
⚡ AMP पेज | पूर्ण वेबसाइट देखें
Illeagal activity

तुलसी स्मारक इण्टर कालेज में छात्रवृत्ति वेरिफिकेशन के नाम पर अवैध वसूली का आरोप

✍️ Admin 📅 20 September, 2026 ⏰ 08:16 PM 👁 214 views


गोण्डा। जिले के परसपुर स्थित तुलसी स्मारक इंटर कॉलेज में छात्रवृत्ति वेरिफिकेशन के नाम पर छात्रों से अवैध वसूली का मामला सामने आया है। कॉलेज के बाबू द्वारा प्रति छात्र 100 रुपये मांगने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है।
बताया जा रहा है कि यह वीडियो शनिवार दोपहर करीब दो बजे का है, जो रविवार सुबह 11 बजे से वायरल हो रहा है। 51 सेकेंड के वायरल वीडियो में कार्यालय में बैठा बाबू छात्रवृत्ति वेरिफिकेशन फॉर्म जमा करने आए छात्र से कहता सुनाई दे रहा है कि बिना पैसे के फॉर्म जमा नहीं होगा, घर से पैसा मंगाकर लाओ। एक अन्य वीडियो में बाबू यह कहते भी सुना जा रहा है कि शनिवार को निरीक्षण के दौरान जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) विद्यालय में आए थे और दो हजार रुपये लेकर गए हैं। इस बयान के बाद मामला और गंभीर हो गया है।

वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए डीआईओएस डॉ. रामचंद्र ने रविवार दोपहर मामले की जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने अपने ऊपर लगे दो हजार रुपये लेने के आरोप को पूरी तरह गलत और निराधार बताया।

डीआईओएस ने कहा कि वह शनिवार को केवल विद्यालय के शैक्षिक निरीक्षण के लिए गए थे, किसी बाबू के कार्यालय में नहीं गए और न ही किसी प्रकार की धनराशि ली। उन्होंने बताया कि विद्यालय के प्रधानाचार्य से इस पूरे प्रकरण पर रिपोर्ट तलब की गई है। रिपोर्ट आते ही दोषी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

डीआईओएस ने स्पष्ट किया कि छात्रवृत्ति वेरिफिकेशन पूरी तरह निःशुल्क प्रक्रिया है। इसके नाम पर किसी भी छात्र को एक भी रुपया देने की आवश्यकता नहीं है। यदि कोई कर्मचारी पैसे मांगता है तो छात्र सीधे डीआईओएस कार्यालय में शिकायत कर सकते हैं।

📤 शेयर करें: