पूर्ण संस्करण देखें
⚡ AMP पेज | पूर्ण वेबसाइट देखें
Inspection

सीडीओ ने मनकापुर ब्लाक का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं सुधारने के दिए निर्देश

✍️ Admin 📅 07 February, 2026 ⏰ 05:39 PM 👁 91 views




गोण्डा, 07 फरवरी 2026*  -  शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के उपरांत मुख्य विकास अधिकारी द्वारा में स्थित समस्त कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण से ब्लॉक परिसर में प्रशासनिक गतिविधियों में हलचल देखने को मिली और अधिकारियों-कर्मचारियों में जिम्मेदारी का भाव दिखाई दिया।

निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने विकासखंड परिसर में साफ-सफाई की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने परिसर एवं कार्यालयों को स्वच्छ बनाए रखने, नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने तथा सभी कार्यालयों में अभिलेखों (रिकॉर्ड्स) का सुव्यवस्थित, अद्यतन एवं सुरक्षित संधारण किए जाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यालयी व्यवस्था में लापरवाही किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के समय परिसर में संचालित जन आधार केंद्र में शासन द्वारा निर्धारित जन्म एवं मृत्यु प्रमाण-पत्र निर्गमन शुल्क का स्पष्ट अंकन दीवारों पर प्रदर्शित नहीं पाया गया। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए खंड विकास अधिकारी, मनकापुर को तत्काल शुल्क विवरण स्पष्ट रूप से प्रदर्शित कराने के निर्देश दिए, ताकि आम नागरिकों को सही जानकारी मिल सके और किसी प्रकार की असुविधा न हो।

इस अवसर पर प्रधानमंत्री मॉडल आवास योजना के अंतर्गत निर्माणाधीन आवास का भी निरीक्षण किया गया। निर्माण कार्य की प्रगति संतोषजनक पाई गई, हालांकि मुख्य विकास अधिकारी ने कार्य को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान बाल विकास परियोजना अधिकारी कार्यालय में साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं पाई गई। साथ ही कार्यालय में कार्यरत अधिकारी एवं कर्मचारियों की नाम-पट्टिकाएं भी नहीं लगी पाई गईं। इस पर संबंधित अधिकारी को तत्काल साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा सभी अधिकारी-कर्मचारियों की नाम-पट्टिकाएं लगाने के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के क्रम में विकासखंड परिसर में निर्मित टैक्सी स्टैंड को एक सराहनीय पहल बताया गया। साथ ही परिसर में उपलब्ध डेडिकेटेड पार्किंग का उपयोग निर्धारित उद्देश्य के अनुरूप सुनिश्चित कराने हेतु खंड विकास अधिकारी को आवश्यक निर्देश प्रदान किए गए।

📤 शेयर करें: