आईजी एवं एसपी ने नगर क्षेत्र में सड़क दुर्घटनाओं के ब्लैक स्पॉट्स का किया निरीक्षण
गोंडा। पुलिस महानिरीक्षक देवीपाटन परिक्षेत्र अमित पाठक एवं पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल द्वारा शासन की मंशा के अनुरूप चलाए जा रहे ZFD (Zero Fatality District) अभियान के अंतर्गत नगर क्षेत्र में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं यातायात व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाए जाने के उद्देश्य से चिन्हित ब्लैक स्पॉट्स का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान चौपाल सागर, कुटी तिराहा, हारीपुर गांव, चौपाल सागर के पास स्थित पेट्रोल पंप तथा महिंद्रा शोरूम के पास दुर्घटना संभावित स्थलों का बारीकी से जायजा लिया गया।
इस दौरान पूर्व में घटित सड़क दुर्घटनाओं के कारणों, यातायात दबाव, सड़क की भौगोलिक स्थिति, प्रकाश व्यवस्था, संकेतक बोर्ड, स्पीड ब्रेकर, अतिक्रमण एवं अन्य सुरक्षा मानकों की विस्तार से समीक्षा की गई। पुलिस महानिरीक्षक द्वारा संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि शासन के ZFD अभियान के तहत चिन्हित ब्लैक स्पॉट्स पर त्वरित एवं प्रभावी सुधारात्मक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। इसके अंतर्गत पर्याप्त साइन बोर्ड एवं रिफ्लेक्टिव मार्किंग, स्पीड कंट्रोल उपाय, सड़क प्रकाश व्यवस्था में सुधार तथा यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराया जाए। साथ ही आमजन को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने हेतु विशेष अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए।
पुलिस अधीक्षक गोण्डा द्वारा बताया गया कि ZFD अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में मृत्यु दर को शून्य पर लाना है। इसके लिए पुलिस, परिवहन विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के आपसी समन्वय से ठोस एवं निरंतर कार्यवाही की जाएगी, जिससे जनपद गोण्डा में सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं दुर्घटनामुक्त यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके
इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक गोण्डा पूर्वी मनोज कुमार रावत, क्षेत्राधिकारी नगर आनन्द कुमार राय, एआरटीओ आर.सी. भारती एवं प्रभारी निरीक्षक समेत अन्य अधि0/कर्मचारीगण उपस्थित रहे।