डीएम की अध्यक्षता में जिला स्वच्छता समिति की बैठक दिए जरूरी निर्देश
गोण्डा 20 फरवरी,2026*।
कलेक्ट्रेट सभागार,में जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन तथा मुख्य विकास अधिकारी अंकिता जैन की अध्यक्षता में जिला स्वच्छता समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान एस.एन.ए. स्पर्श पोर्टल के माध्यम से ग्राम पंचायतों को हस्तांतरित धनराशि, ग्राम पंचायतों में प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट (पी.डब्ल्यू.एम.यू.) की स्थापना हेतु जारी धनराशि, सामुदायिक शौचालयों के निर्माण एवं संचालन की स्थिति तथा गोनार्द स्वच्छता मार्ट के निर्माण एवं संचालन संबंधी प्रगति की बिंदुवार समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि जिन ग्राम पंचायतों में प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट स्थापित की जा रही हैं, वहां कार्य समयबद्ध एवं मानक गुणवत्ता के अनुरूप पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन शासन की प्राथमिकता में है, अतः किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
सामुदायिक शौचालयों के संचालन एवं रखरखाव की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि शौचालयों की नियमित साफ-सफाई, जलापूर्ति एवं विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि ग्रामीणों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
गोनार्द स्वच्छता मार्ट के निर्माण एवं संचालन की प्रगति पर भी विशेष जोर देते हुए उन्होंने कहा कि स्वच्छता मार्ट ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता सामग्री की उपलब्धता का सशक्त माध्यम है, अतः इसे शीघ्र क्रियाशील बनाया जाए।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि निर्माणाधीन कार्यों को निर्धारित समयसीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण करना सुनिश्चित करें। साथ ही, उन्होंने निर्देशित किया कि अगली बैठक में सभी अधिकारी अपने-अपने कार्यों की वर्तमान स्थिति के स्पष्ट एवं दिनांकित फोटोग्राफ के साथ उपस्थित हों, ताकि भौतिक सत्यापन किया जा सके।
बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर संतलाल पटेल, जिला विकास अधिकारी सुशील कुमार श्रीवास्तव, जिला पंचायत राज अधिकारी लालजी दुबे, अपर जिला पंचायत अधिकारी, समस्त खण्ड विकास अधिकारी, समस्त सहायक विकास अधिकारी पंचायत जिला समन्वयक सलोनी सिंह सहित विभाग से संबंधित अन्य सभी अधिकारीगण उपस्थित रहे।