पूर्ण संस्करण देखें
⚡ AMP पेज | पूर्ण वेबसाइट देखें
Meeting

जनगणना कार्य के समयबद्ध एवं सफल संचालन हेतु डीएम ने की अधिकारियों के साथ बैठक

✍️ Admin 📅 21 May, 2026 ⏰ 07:13 PM 👁 119 views




गोण्डा 21 मई,2026*।
कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन की अध्यक्षता में आगामी जनगणना कार्य के सफल संचालन को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में अपर जिलाधिकारी, समस्त उपजिलाधिकारीगण, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, खण्ड शिक्षा अधिकारीगण, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका एवं नगर पंचायत सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य जनगणना कार्य प्रारम्भ होने से पूर्व सभी विभागों के बीच समन्वय स्थापित करना तथा कार्य की रूपरेखा को अंतिम रूप देना था।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने जनगणना कार्य को राष्ट्रीय महत्व का कार्य बताते हुए कहा कि यह केवल आंकड़ों का संकलन नहीं, बल्कि देश की योजनाओं और विकास की आधारशिला है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनगणना से संबंधित सभी तैयारियां समयबद्ध एवं व्यवस्थित ढंग से पूर्ण की जाएं, जिससे कार्य में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट रूप से कहा कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण कार्य में सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण भाव के साथ कार्य करें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक अधिकारी अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन सुनिश्चित करें तथा अधीनस्थ कर्मचारियों को भी आवश्यक प्रशिक्षण एवं दिशा-निर्देश उपलब्ध कराएं।
बैठक में जनगणना कार्य के विभिन्न चरणों, कर्मचारियों की तैनाती, प्रशिक्षण व्यवस्था, अभिलेखों के संधारण एवं क्षेत्रवार जिम्मेदारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिये कि जनगणना कार्य में पारदर्शिता एवं शुद्धता बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही, उदासीनता अथवा कार्य में शिथिलता कदापि बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में जिलाधिकारी ने सभी विभागों से आपसी समन्वय बनाकर जनगणना कार्य को सफलतापूर्वक संपन्न कराने का आह्वान किया तथा कहा कि यह कार्य शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है, इसलिए सभी अधिकारी इसे पूर्ण जिम्मेदारी एवं गंभीरता के साथ संपादित करें।

📤 शेयर करें: