मिशन शक्ति 5 के तहत बाल विवाह मुक्त भारत अभियान का आयोजन
गोण्डा 18 दिसम्बर,2025*। मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत हब फॉर एंपावरमेंट ऑफ वूमेन टीम द्वारा बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत शिक्षा क्षेत्र झंझरी के प्राथमिक विद्यालय दुर्जनपुर में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान बालिकाओं को बाल विवाह की रोकथाम, इसके दुष्परिणाम एवं कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई।
डिस्ट्रिक्ट मिशन कोआर्डिनेटर शिवेन्द्र श्रीवास्तव ने कहा कि बाल विवाह सामाजिक कुरीति है, जिसे जड़ से समाप्त करने के लिए समाज के हर वर्ग को जागरूक होना होगा। बालिकाओं को उनके अधिकारों की जानकारी देकर ही सशक्त भविष्य का निर्माण किया जा सकता है। जेंडर स्पेशलिस्ट ज्योत्सना सिंह ने बताया कि 18 वर्ष से कम आयु की लड़की एवं 21 वर्ष से कम आयु के लड़के का विवाह कानूनन अपराध है। ऐसी किसी भी घटना की सूचना तुरंत चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर दें। वहीं जेंडर स्पेशलिस्ट राजकुमार आर्य ने कहा कि सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ लेकर बालिकाएं शिक्षा और आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ सकती हैं। कार्यक्रम में बालिकाओं को महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित योजनाओं-मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, स्पॉन्सरशिप योजना, महिला हेल्पलाइन नंबर, वन स्टॉप सेंटर आदि के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
इस अवसर पर प्रधानाध्यापक आनन्द कुमार त्रिपाठी, सहायक अध्यापक राजाधर सिंह व नागेश्वरनाथ, रसोईयां सुषमा सिंह व साधना सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।