पूर्ण संस्करण देखें
⚡ AMP पेज | पूर्ण वेबसाइट देखें
Program

प्रभारी मंत्री ने ऐली परसौली गांव में बाढ़ पीड़ितों में वितरित की राहत सामग्री

✍️ Admin 📅 19 August, 2026 ⏰ 02:15 PM 👁 248 views


उमरी बेगमगंज गोंडा l जिले में घाघरा समेत अन्य नदियों के बढ़ते जलस्तर से प्रभावित ग्रामीणों को राहत पहुंचाने के लिए प्रशासन की ओर से राहत सामग्री वितरण का अभियान तेज कर दिया गया है। बुधवार को ऐलीपरसौली गांव में आयोजित राहत सामग्री वितरण कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री आशीष पटेल ने बाढ़ पीड़ित परिवारों को राहत सामग्री वितरित की और कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार बाढ़ प्रभावित लोगों तक हर संभव मदद पहुंचाने के लिए तेजी से काम कर रही है। 

उन्होंने कहा कि घाघरा नदी सहित अन्य नदियों से प्रभावित लोगों को राहत सामग्री उपलब्ध कराने में जिला प्रशासन ने तत्परता दिखाई है। उन्होंने मंच पर मौजूद विधायक प्रेम नरायन पांडे भाजपा जिलाध्यक्ष अकबाल बहादुर तिवारी तथा अन्य जनप्रतिनिधियों का भी अभिनंदन करते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों ने बाढ़ पीड़ितों तक राहत पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि आने वाले दिनों में यदि और लोग बाढ़ से प्रभावित होते हैं तो उन्हें भी तत्काल राहत सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने स्थानीय विधायक से अपील की कि जो परिवार प्रशासन की नजर से किसी कारणवश छूट गए हों, उनकी जानकारी लेकर उन्हें भी राहत सामग्री उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी सुनिश्चित करें।

उन्होंने कहा कि बाढ़ का पानी उतरने के बाद प्रभावित परिवारों के जीवन को फिर से पटरी पर लाने के लिए जिला प्रशासन हर संभव सहयोग करेगा। उन्होंने राजस्व विभाग के कर्मचारियों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि राहत सामग्री वितरण में उनकी जिम्मेदारी महत्वपूर्ण है। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से अपील की कि प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराई जा रही राहत सामग्री प्रत्येक पात्र बाढ़ पीड़ित तक पहुंचनी चाहिए
प्रभारी मंत्री ने बाढ़ पीड़ितों से भी प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के साथ सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि भविष्य में किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर ग्रामीण अपनी समस्या प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के सामने रखें, ताकि राहत सामग्री सहित अन्य आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
उन्होंने बाढ़ राहत के लिए जिला प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्थाओं की भी सराहना की। राहत सामग्री के परिवहन की व्यवस्था, बाढ़ चौकियों की स्थापना और निगरानी के लिए पुलिस प्रशासन की मौजूदगी का उल्लेख करते हुए उन्होंने अधिकारियों-कर्मचारियों को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन भी किसी अप्रिय घटना को रोकने के लिए लगातार काम कर रहा है।
कार्यक्रम के अंत में प्रभारी मंत्री ने बाढ़ पीड़ित परिवारों को शुभकामनाएं देते हुए भरोसा दिलाया कि संकट की इस घड़ी में सरकार और प्रशासन उनके साथ खड़ा है।

📤 शेयर करें: