विश्व हिन्दी दिवस पर अंतर्राष्ट्रीय ई व्याख्यान कार्यक्रम का आयोजन
गोंडा । विश्व हिंदी दिवस के उपलक्ष्य में शनिवार शाम लाल बहादुर शास्त्री महाविद्यालय एवं आचार्य नरेन्द्र देव किसान पी.जी .कॉलेज, बभनान के हिंदी विभाग के संयुक्त तत्वावधान में अंतरराष्ट्रीय ई-व्याख्यान कार्यक्रम का आयोजन हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं वक्ता टोरंटो, कनाडा से हिंदी साहित्यकार धर्मपाल महेंद्र जैन रहे। व्याख्यान का विषय ‘वैश्विक परिप्रेक्ष्य में हिंदी’ रहा, जिस पर विचार व्यक्त करते हुए धर्मपाल जैन ने कहा कि सर्वप्रथम हिंदी को तकनीक की भाषा बनाने का श्रेय सोशल मीडिया से जुड़े तकनीकी विशेषज्ञों को दिया जाना चाहिए। सुन्दर पिचाई , नील मोहन, शांतनु नारायण, अरविन्द कृष्ण आदि भारतवंशियों ने हिंदी की उन्नति के लिए असाधारण कार्य किया है।
विश्व हिंदी दिवस पर विचार व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि विदेश में हिंदी सीखने की ललक और शोध की गुणवत्ता दोनों भारत से बेहतर है। विदेशियों के लिए हिंदी मात्र भाषा नहीं वरन भारतीय संस्कृति से जुड़ने वाला पुल है , जो विश्व से भारत का परिचय कराता है।
धर्मपाल जी ने कहा कि भारतीय विश्वविद्यालयों में हिंदी भाषा सम्बन्धी उदासीनता हेतु के लिए राजनीतिक इच्छा शक्ति की कमी रही है। हिंदी के प्रचार हेतु विशेष दिवस मनाने की आवश्यकता पर उनका विचार था कि भारतीय दूतावास और भारतवंशी इसी माध्यम से हिंदी के प्रचार-प्रसार में सम्मिलित रहते हैं। भारत में राजनीतिक व्यामोह और अन्य भारतीय भाषाओँ को जानने की रूचि न होना भी हिंदी के सर्वांगीण विकास और राष्ट्रभाषा न बन पाने में बाधा उत्पन्न कर रही है।
कार्यक्रम का संचालन आचार्य नरेन्द्र देव किसान पी.जी. कॉलेज के हिंदी विभाग के अध्यक्ष डॉ. सत्य प्रकाश शुक्ल द्वारा किया गया। अतिथि का स्वागत प्रो.शैलेन्द्र नाथ मिश्र जी ने किया तथा विषय की ओर संकेत करते हुए उन्होंने भारतवंशियों को धन्यवाद भी दिया कि उन्हीं के प्रयासों से हिंदी विश्व पटल पर पहचान स्थापित कर सकी है। मुख्य वक्ता धर्मपाल महेंद्र जैन का संक्षिप्त-सारगर्भित परिचय श्री लाल बहादुर शास्त्री डिग्री कॉलेज के हिंदी विभागाध्यक्ष प्रो.जय शंकर तिवारी जी ने दिया।
प्रश्नोत्तर काल में डॉ. डी .के गुप्त, अच्युत शुक्ल, प्रो.नीलम सर्राफ, डॉ. सत्य प्रकाश, प्रो.जय शंकर तिवारी तथा डॉ. मुक्ता टंडन ने अपनी जिज्ञासाओं का उचित समाधान जैन जी द्वारा प्राप्त किया । धन्यवाद ज्ञापन आलोक कुमार सिंह, ए. एन. डी. कॉलेज बभनान द्वारा प्रस्तुत किया गया |कार्यक्रम में डॉ. सूर्यपाल सिंह, डॉ. संजय कुमार पांडेय, डॉ. दमयंती तिवारी, डॉ. वंदना सारस्वत, डॉ. संदीप श्रीवास्तव अजय कुमार, अजित कुमारी , अनामिका शुक्ल, अंकित पाण्डेय, मिताली पाण्डेय, नीलिमा सिंह, राजन, दीप्ति , अरुण गुप्त, कल्पना पटेल , गुड़िया तिवारी आदि ने प्रतिभागिता किया।