पूर्ण संस्करण देखें
⚡ AMP पेज | पूर्ण वेबसाइट देखें
Religious

करनैलगंज में इस बार से दुर्गा पूजा महोत्सव की अगुवाई करेगी पांच पंच प्रमुखों की टीम

✍️ Admin 📅 06 October, 2026 ⏰ 08:41 PM 👁 79 views

करनैलगंज। दुर्गा पूजा जागरण समिति कैलाश बाग ने इस बार नवरात्रि महोत्सव को लेकर एक अनूठी पहल की है। समिति ने अध्यक्ष पद समेत बड़े-छोटे पदों की पारंपरिक व्यवस्था को समाप्त करते हुए सामूहिक नेतृत्व का निर्णय लिया है। अब दुर्गा पूजा महोत्सव की अगुवाई किसी एक अध्यक्ष के बजाय पांच पंच प्रमुखों की टीम करेगी। समिति के इस निर्णय को समानता, सामूहिकता और संगठनात्मक एकता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
बीती सोमवार शाम बालाजी शक्ति धाम मंदिर परिसर में आयोजित समिति की वार्षिक बैठक में यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। बैठक की अध्यक्षता जोगिंदर सिंह जानी ने की। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि मां दुर्गा की सेवा में पद से अधिक समर्पण, सहयोग और आपसी तालमेल का महत्व है। इसी भावना के साथ समिति ने सामूहिक नेतृत्व की व्यवस्था अपनाने का फैसला किया है।
बैठक में बताया गया कि दुर्गा पूजा समिति कैलाश बाग के अंतर्गत युवा भक्ति संघ, मातृशक्ति महिला मंडल और दुर्गा पूजा कैलाश बाग मुख्य समिति कार्यरत रहेंगी। तीनों समितियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। युवा भक्ति संघ मूर्ति स्थापना, पंडाल निर्माण, सजावट, लाइटिंग एवं डेकोरेशन की जिम्मेदारी संभालेगा। वहीं मातृशक्ति महिला मंडल को 11 अक्टूबर को गायत्री मंदिर सकरौरा से कैलाश बाग तक निकलने वाली भव्य कलश यात्रा के आयोजन की जिम्मेदारी दी गई है। मुख्य समिति पूरे आयोजन की निगरानी और समन्वय करेगी।

दुर्गा पूजा कैलाश बाग मुख्य समिति के पंच प्रमुख के रूप में ज्ञान प्रकाश मिश्रा ज्ञानू पत्रकार, संदीप मिश्रा, शिव गोपाल मिश्रा, रितेश गुप्ता पत्रकार और शिव नारायण भट्ट शिवा चुने गए। वहीं एडवोकेट राजू मोदनवाल को महामंत्री तथा मनोज यज्ञसैनी को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई।  युवा भक्ति संघ के पंच प्रमुख अश्मित वैश्य, दिव्यांश रस्तोगी, हर्ष मिश्रा, प्रतीक गुप्ता और मोहित गुप्ता बनाए गए। विनीत पाण्डेय को महामंत्री तथा आजाद सिंह को कोषाध्यक्ष चुना गया।

इसी क्रम में मातृशक्ति महिला मंडल की पंच प्रमुख जूली सोनी, रजनी सुल्तानिया, गायत्री गोस्वामी, अनीता गुप्ता और बीनू मोदनवाल बनाई गईं। बैठक में राघवेंद्र शुक्ला, गणेश प्रसाद वैश्य, राधा मोहन वैश्य, जितेंद्र पटवा, ओपी तिवारी, नितेश गुप्ता, कुंदन मोदनवाल, पवन मोदनवाल, अमित कौशल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। महिला मंडल की ओर से रेखा सोनी, पूनम सोनी, गुनगुन सोनी समेत कई महिलाओं ने बैठक में सहभागिता की।

📤 शेयर करें: