बालपुर में लखनऊ हाइवे पर लगी सभी रोड लाइटें महीनों से खराब प्रकाश व्यवस्था चौपट
बालपुर गोंडा। बालपुर में लखनऊ हाईवे के ज्यादातर खंभों पर खराब लाइटें ठीक न किए जाने से प्रकाश व्यवस्था चौपट होकर रह गई है। रोड लाइटें ठीक कराने के जिम्मेदार विकास विभाग व बिजली विभाग के अधिकारी अपनी ड्यूटी से कतराते हुए एक दूसरे के कंधे पर जिम्मेदारी डालकर अपने अपने कर्तव्यों की इतिश्री कर ले रहे हैं। कई खंभों पर दो के बजाय एक लाइट से ही किसी तरह से काम चलाना पड़ रहा है। उनमें से भी कई खंभों की लाइटें खराब हो चुकी हैं और हमेशा अपने आप जलती बुझती रहती है। सम्बन्धित विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों की ओर से यह भारी लापरवाही बरती जा रही है।
बालपुर कस्बे में लखनऊ हाइवे पर कुल 19 रोड लाइट के ख़ंभे लगे हुए हैं। इनमें लगी 36 रोड लाइटों में से करीब 24 रोड लाइटें पिछले कई महीनों से खराब हैं। बालपुर में लखनऊ हाइवे की खराब रोड लाइटें अभी तक नहीं ठीक की जा सकी हैं। मार्ग प्रकाश व्यवस्था के जिम्मेदार इस ओर से अपनी आंखें मूंदे हुए हैं और कुंभकर्णी निद्रा में सोए हुए लगते हैं। इनमें से टेढ़ी नदी की छोर लगा एक रोड लाइट खंभा पिछले साल ही किसी गाड़ी की टक्कर से टूटकर गिर पड़ा। करीब सालभर यह बिजली का खंभा लखनऊ हाइवे के डिवाइडर पर पड़ा रहा। इसी बीच इस खंभे को कोई उठा ले गया और इसकी खोज खबर लेने वाला कोई नहीं दिखाई पड़ा।
अवर अभियंता बालपुर विद्युत उपकेन्द्र अनुराग मौर्य ने बताया कि उनके विभाग का काम केवल कनेक्शन देना है रोड लाइटें ठीक कराना नहीं है। इसके लिए अन्य विभाग के अधिकारी जिम्मेदार हैं। प्रधान प्रतिनिधि धर्मपाल सिंह ने बताया कि पिछले अप्रैल माह में लखनऊ हाइवे के डीवाइडर पर लोहे के एंगल लगाने के दौरान बिजली की केबल कई जगह से कट गई है। लोहे का एंगल लगाने वाले कंपनी के प्रतिनिधि ने कहा है कि जल्द बिजली केबल नई लगवा दी जायेगी। देखते ही देखते दो महीने से ज्यादा बीतने वाले हैं और कोई काम नहीं कराया जा सका है।