पूर्ण संस्करण देखें
⚡ AMP पेज | पूर्ण वेबसाइट देखें
Solution Day

मंडलायुक्त ने तहसील सदर समाधान दिवस में की जनसुनवाई कम्बल किया वितरित

✍️ Admin 📅 17 January, 2026 ⏰ 03:25 PM 👁 76 views




गोण्डा 17 जनवरी 2026*  -  देवीपाटन मंडल के आयुक्त द्वारा संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर तहसील सदर सभागार में जनसुनवाई का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना गया।

समाधान दिवस में मंडलायुक्त ने की जनसुनवाई कम्बल वितरण
राजस्व, पुलिस, विकास, नगर निकाय सहित विभिन्न विभागों से संबंधित मामलों पर अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। आयुक्त शशि भूषण लाल सुशील ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि आमजन की समस्याओं का समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

जनसुनवाई के दौरान कई प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि शेष मामलों में संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। आयुक्त ने कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस का उद्देश्य केवल शिकायतें सुनना ही नहीं, बल्कि पीड़ितों को त्वरित राहत प्रदान करना है, ताकि जनता का प्रशासन पर विश्वास और अधिक मजबूत हो।

संपूर्ण समाधान दिवस के उपरांत आयुक्त द्वारा मूकबधिर एवं श्रवण बाधित जरूरतमंद दिव्यांग जनों को कंबल वितरित किए गए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि समाज के कमजोर, असहाय एवं दिव्यांग वर्गों के कल्याण के लिए शासन द्वारा विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं और उनका लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाना प्रशासन की जिम्मेदारी है। कंबल पाकर दिव्यांग जनों के चेहरों पर खुशी और संतोष साफ झलकता नजर आया।

कार्यक्रम के अंत में आयुक्त ने अधिकारियों से अपेक्षा की कि वे जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देते हुए संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें, ताकि शासन की जनकल्याणकारी नीतियों का वास्तविक लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके।


इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी अंकिता जैन, मुख्य राजस्व अधिकारी महेश प्रकाश, उप जिलाधिकारी सदर अशोक कुमार गुप्ता सहित तहसीलदार व तहसील के अन्य कर्मी मौजूद रहे।

📤 शेयर करें: