पूर्ण संस्करण देखें
⚡ AMP पेज | पूर्ण वेबसाइट देखें
Theft

रोडवेज बस स्टैंड के पास दुकान में चोरी की घटना सीसीटीवी में कैद

✍️ Admin 📅 20 March, 2026 ⏰ 06:48 PM 👁 103 views



गोंडा। नगर कोतवाली क्षेत्र में रोडवेज बस स्टैंड के पास स्थित एक दुकान में चोरी की वारदात सामने आई है। अज्ञात चोर ने सुबह तड़के दुकान में घुसकर नकदी और मोबाइल फोन पर हाथ साफ कर दिया। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
सूचना के मुताबिक यह घटना चंदन सोनकर की दुकान पर हुई। सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि एक युवक सुबह करीब 5:15 बजे दबे पांव दुकान में घुसता है। इसके बाद वह सीधे काउंटर तक पहुंचता है और उसे खोलकर उसमें रखे करीब 4 से 5 हजार रुपये निकाल लेता है। इतना ही नहीं,आरोपी ने काउंटर पर रखा मोबाइल फोन भी उठा लिया और उसे अपनी जेब में रखकर मौके से फरार हो गया। पूरी घटना बड़ी ही शातिर तरीके से अंजाम दी गई, जिससे साफ है कि आरोपी को दुकान की बनावट और स्थिति की जानकारी पहले से हो सकती है। 

पीड़ित दुकान मालिक चंदन सोनकर ने इस मामले में नगर कोतवाली में तहरीर देकर शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि घटना के समय वह दुकान पर ही सो रहे थे, लेकिन आरोपी ने मौके का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक बिंदेश्वरी मणि त्रिपाठी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। 

पुलिस टीम फुटेज के जरिए आरोपी की पहचान करने में जुटी हुई है और जल्द ही गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार, क्षेत्र में इस तरह की चोरी की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं, जिससे व्यापारियों में डर का माहौल है। लोगों ने पुलिस से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने की मांग की है।

📤 शेयर करें: