पूर्ण संस्करण देखें
⚡ AMP पेज | पूर्ण वेबसाइट देखें
Training

जनगणना पर्यवेक्षकों के प्रथम बैच का तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित

✍️ Admin 📅 27 April, 2026 ⏰ 06:26 PM 👁 86 views

गोण्डा 27 अप्रैल 2026  ।
जनपद में प्रस्तावित जनगणना- 2027 के प्रथम चरण “मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना” के सफल क्रियान्वयन के उद्देश्य से विभिन्न नगरीय एवं ग्रामीण चार्जों में प्रगणकों तथा पर्यवेक्षकों के प्रथम बैच का तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। यह प्रशिक्षण नगर पंचायत परसपुर, नगर पंचायत धानेपुर, तहसील करनैलगंज तथा तहसील मनकापुर में संपन्न हुआ।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जनगणना से जुड़े कार्मिकों को मकान सूचीकरण, भवनों के वर्गीकरण, परिवारों की पहचान, तथा डेटा संकलन की सटीक प्रक्रिया से अवगत कराना था। इस दौरान प्रतिभागियों को डिजिटल एवं मैनुअल दोनों माध्यमों से जानकारी संकलित करने की विधियों का विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही, उन्हें फील्ड में आने वाली संभावित चुनौतियों एवं उनके समाधान के बारे में भी समझाया गया।

प्रशिक्षण सत्रों का संचालन अनुभवी फील्ड ट्रेनर्स  विपिन चन्द्र वर्मा एवं

IMG-20260427-WA0074.jpg 206.15 KB
राखाराम गुप्ता द्वारा किया गया। उन्होंने प्रतिभागियों को जनगणना कार्य की महत्ता, गोपनीयता बनाए रखने की जिम्मेदारी तथा सटीक एवं निष्पक्ष आंकड़ा संकलन के महत्व पर विशेष बल दिया। प्रशिक्षण के दौरान प्रायोगिक अभ्यास (प्रैक्टिकल सेशन) भी आयोजित किए गए, जिससे प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को वास्तविक परिस्थितियों का अनुभव प्राप्त हो सके।

अधिकारियों द्वारा बताया गया कि जनगणना देश की विकास योजनाओं के निर्माण की आधारशिला होती है, इसलिए इसमें किसी भी प्रकार की त्रुटि की गुंजाइश नहीं होनी चाहिए। सभी प्रतिभागियों से अपेक्षा की गई कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा एवं पारदर्शिता के साथ करेंगे।
प्रशिक्षण के समापन पर प्रतिभागियों ने अपने अनुभव साझा किए तथा इस प्रशिक्षण को अत्यंत उपयोगी एवं ज्ञानवर्धक बताया। प्रशासन द्वारा आशा व्यक्त की गई कि प्रशिक्षित कार्मिक आगामी जनगणना कार्य को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

📤 शेयर करें: