पूर्ण संस्करण देखें
⚡ AMP पेज | पूर्ण वेबसाइट देखें
Weather

अर्नब चक्रवाती तूफान का 29 एवं 30 अक्टूबर को जिले में रहेगा प्रभाव आंधी तूफान एवं बारिश का अलर्ट

✍️ Admin 📅 27 October, 2026 ⏰ 06:23 PM 👁 67 views



गोण्डा 27 अक्टूबर,2026।* 
जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने मौसम विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान के क्रम में बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान अर्नब के जनपद में संभावित प्रभाव को लेकर जनहानि एवं संपत्ति की क्षति से बचाव के लिए आमजन से सावधानियां बरतने की अपील की है।

उन्होंने बताया कि मौसम विभाग के अनुसार अर्नब चक्रवात के कारण 29 व 30 अक्टूबर को जिले में मौसम खराब रहेगा तथा तूफानी हवाओं के साथ बारिष की प्रबल संभावना है। ऐसी स्थिति में जनसामान्य अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें। कच्चे एवं जर्जर भवनों में निवास न करें बल्कि समय रहते सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट हो जायें तथा मौसम विभाग एवं जिला प्रशासन द्वारा जारी चेतावनियों एवं एडवाइजरी का पालन करें। अत्यधिक बारिश के दौरान नदी, नाले, तालाब एवं जलभराव वाले क्षेत्रों के आसपास जाने से बचें। 

*जनपद वासियों से अपीलः*-

 *आंधी-तूफान व खराब मौसम में क्या करें*:-

*घर के अंदर सुरक्षित स्थान पर रहें - पक्के मकान में रहें। जर्जर कच्चे मकान व दीवारों से दूर रहें व खिड़की-दरवाजे बंद कर लें*।

*बिजली के उपकरण बंद रखें - टीवी, फ्रिज, कंप्यूटर का प्लग निकाल दें। बिजली जाने पर मेन स्विच ऑफ कर दें*

*आवश्यक सामान तैयार रखें - टार्च, मोबाइल, पावर बैंक, जरूरी दवाएं, पीने का पानी एवं सूखा राशन साथ रखें*


*मौसम की जानकारी लेते रहें - रेडियो, टीवी एवं जिला प्रशासन की आधिकारिक सूचना पर ध्यान दें*।

 *पशुओं को सुरक्षित स्थान पर बांधें - मवेशियों को खुले में न छोड़ें*।


*कृशकबन्धु अपनी फसलों को यथा संभव सूखे/सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने का प्रयास करें एवं यथासंभव समय रहते हार्वेस्टिंग का कार्य करा लें ताकि क्षति न हो*। 

 *खराब मौसम में क्या न करें*:-

1. पेड़, बिजली के खंभे एवं विज्ञापन होर्डिंग के नीचे न खड़े हों- तेज हवा में गिरने का खतरा रहता है।
2. खुले स्थान पर न निकलें- आकाशीय बिजली गिरने की संभावना रहती है। खेत में काम न करें।
3. जलभराव वाले स्थान, नदी-नाले एवं पुलों से दूर रहें- तेज बहाव में बहने का खतरा रहता है।
4. गीले हाथों से बिजली के स्विच न छुएं- शार्ट सर्किट से बचें।
5. छत पर कपड़े सुखाने न जाएं- तेज हवा में गिरकर चोट लग सकती है।
6. अफवाह न फैलाएं- केवल सरकारी सूचना पर विश्वास करें।
7. तूफान/बारिश के दौरान अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल अधिकृत सरकारी स्रोतों से प्राप्त सूचनाओं पर भरोसा करें।

 *वाहन चालकों के लिए विशेष निर्देश*:-

1. वाहन की गति धीमी रखें और हेडलाइट जलाकर चलें।
2. खराब मौसम में अनावश्यक यात्रा से बचें।
3. सड़क पर गिरे पेड़ या तार दिखने पर तुरंत 1070 या 112 पर सूचना दें।
 

जिलाधिकारी ने बताया कि मौसम विभाग के अनुसार जनपद में 29 व 30 अक्टूबर तक बारिश, आंधी-तूफान एवं बिजली कड़कने की संभावना है। इसलिए जनसामान्य सुरक्षा उपायों को अपनाएं तथा जिला प्रशासन एवं मौसम विभाग द्वारा जारी की जाने वाली एडवाइजरी का पालन करें तथा सुरक्षित रहें। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन आने वाले चक्रवाती तूफान को लेकर अलर्ट मोड पर है। उन्होंने अपील की है कि घबराएं नहीं, सतर्क रहें और सुरक्षित रहें तथा किसी भी आपदा में जिला प्रशासन की मदद प्राप्त करें। 

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को भी निर्देशित किया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में जनसामान्य को पहले से अलर्ट करें तथा सतर्क रहें एवं किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव का कार्य सुनिश्चित करेंगें। जिला प्रशासन की अपील है कि सभी नागरिक सतर्क रहें, सुरक्षित रहें और प्रशासन का सहयोग करें तथा जारी किए जाने वाले एलर्ट्स को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाएं ताकि संभावित किसी भी क्षति को न्यूनतम किया जा सके।

📤 शेयर करें: