नहर विभाग की घोर लापरवाही बिना रेलिंग पुलिया से गिरकर युवक की मौत कोहराम
बालपुर गोंडा। जिले में नहर विभाग की घोर लापरवाही एक बार फिर एक युवक की मौत का कारण बन गई। क्षेत्र के पतिसा गांव के पास सरयू नहर की पुलिया से गिरकर बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है।
सूचना के मुताबिक धमरैया गांव निवासी 45 वर्षीय महेश शुक्ला किसी निमंत्रण कार्यक्रम में शामिल होने के बाद गुरूवार की देर रात बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इस बीच वह थाना कोतवाली करनैलगंज क्षेत्र की पुलिस चौकी बालपुर क्षेत्र के पतिसा गांव के पास स्थित सरयू नहर की पुलिया पर पहुंचे। वहां रेलिंग न होने के कारण उनका संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे गहरी नहर में जा गिरे। स्थानीय लोगों ने बताया कि उक्त पुलिया पर लंबे समय से सुरक्षा रेलिंग नहीं है, जिससे पहले भी कई हादसे हो चुके हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार शिकायत के बावजूद नहर विभाग ने इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया, जिससे यह हादसा हुआ। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों की मदद से महेश को नहर से बाहर निकाला गया, लेकिन समय पर इलाज न मिल पाने के कारण उनकी मौत हो गई। जैसे ही यह खबर धमरैया गांव पहुंची, परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। इस घटना को लेकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों ने नहर विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि समय रहते पुलिया पर रेलिंग लगाई गई होती, तो एक युवक की जान बच सकती थी।
घटना की सूचना मिलते ही बालपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। कर्नलगंज कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र प्रताप राय ने बताया कि मृतक की पहचान धमरैया गांव निवासी महेश शुक्ला के रूप में हुई है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और जल्द से जल्द पुलिया पर सुरक्षा रेलिंग लगवाई जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।