पूर्ण संस्करण देखें
⚡ AMP पेज | पूर्ण वेबसाइट देखें
Accidental Death

तेज रफ्तार पिकप की टक्कर से गई वृद्ध की जान लखनऊ में मृत घोषित

✍️ Admin 📅 30 April, 2026 ⏰ 06:29 PM 👁 142 views



बालपुर गोंडा। बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया। कोतवाली करनैलगंज के बालपुर चौकी अंतर्गत ग्राम पंचायत परसा गोड़री के मजरा छोटी पुरवा निवासी 75 वर्षीय वृद्ध हृदय नारायण पुत्र महाराज दीन की पिकअप की टक्कर से मौत हो गई। इस घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। 

सूचना के मुताबिक  बुधवार सुबह हृदय नारायण अपने घर से परसा स्कूल के पास तंबाकू लेने के लिए लखनऊ-गोंडा हाईवे की ओर जा रहे थे। इसी बीच करनैलगंज की तरफ से तेज रफ्तार में आ रही पिकअप नंबर UP 42 BT 2901 ने उन्हें पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के तुरंत बाद चालक मौके से वाहन लेकर फरार हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने घटना की सूचना परिजनों को दी। मौके पर पहुंचे परिजन और ग्रामीणों की मदद से घायल वृद्ध को तत्काल जिला चिकित्सालय गोंडा पहुंचाया गया।

वहां डॉक्टरों ने उनकी नाजुक हालत को देखते हुए लखनऊ मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया परिजन उन्हें लेकर लखनऊ पहुंचे, लेकिन दुर्भाग्यवश वहां पहुंचते ही डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वृद्ध की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और गांव में मातम छा गया। स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर आक्रोश भी देखा जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि हाईवे पर तेज रफ्तार वाहनों के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार पिकअप चालक की तलाश की जा रही है।

📤 शेयर करें: