छुट्टा सांड से टकराकर राखी बंधवाकर लौट रहे भाई की दर्दनाक मौत परिजनों में कोहराम
मनकापुर गोण्डा। रक्षाबंधन का त्योहार एक परिवार के लिए मातम में बदल गया। बहन से राखी बंधवाकर घर लौट रहे 28 वर्षीय युवक की सड़क हादसे में मौत हो गई। निर्माणाधीन पुलिया के पास अचानक सामने आए छुट्टा सांड को बचाने के प्रयास में बाइक अनियंत्रित होकर 15 फीट नीचे पानी में जा गिरी। हादसे में बाइक सवार दूसरे युवक की हालत गंभीर है। यह हादसा शुक्रवार रात करीब 10 बजे हुआ है।
मृतक की पहचान 28 वर्षीय हरिशरन मिश्र पुत्र श्याम बहादुर मिश्र निवासी चकगौरा के रूप में हुई है। वह अपनी बड़ी बहन लक्ष्मी के घर धानेपुर क्षेत्र के पंडितपुरवा गांव राखी बंधवाने गए थे। रात में वह अपने 24 वर्षीय दोस्त मयंक मोहन शुक्ला पुत्र स्व. अखिलेश कुमार शुक्ला निवासी बैरीपुर के साथ बाइक से घर लौट रहे थे।जवाहर नवोदय विद्यालय देवरिया के पास एक निर्माणाधीन पुलिया के निकट अचानक सड़क पर छुट्टा सांड आ गया। सांड को बचाने के चक्कर में बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में हरिशरन करीब 15 फीट नीचे पुलिया के पानी में जा गिरे, जबकि मयंक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलते ही दतौली चौकी के कांस्टेबल नागेंद्र यादव मौके पर पहुंचे और 15 फीट नीचे उतरकर हरिशरन को निकालने का प्रयास किया। पुलिस और ग्रामीणों की मदद से दोनों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने हरिशरन को मृत घोषित कर दिया। मयंक को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
बताया जा रहा है कि हरिशरन मुंबई में अपने पिता के साथ एक निजी कंपनी में काम करते थे और शुक्रवार सुबह ही रक्षाबंधन पर घर आए थे। मौत की खबर सुनते ही सीएचसी पहुंचे मां और बड़े भाई शिवशरन का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।वही प्रभारी निरीक्षक तेज प्रताप सिंह ने बताया कि सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।