पूर्ण संस्करण देखें
⚡ AMP पेज | पूर्ण वेबसाइट देखें
Action

हाई कोर्ट के निर्देश पर खलिहान की भूमि पर बने 26 घरों पर प्रशासन ने की बुलडोजर कार्रवाई हड़कंप

✍️ Admin 📅 04 October, 2026 ⏰ 10:01 PM 👁 108 views

गोंडा। जिले के तरबगंज तहसील क्षेत्र के नगवा और जमुआ गांव में हाई कोर्ट के निर्देश पर खलिहान और खाद गड्ढे की सरकारी जमीन पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ रविवार को प्रशासन ने बुलडोजर कार्रवाई करके 26 अवैध कब्जा धारियो के मकान जमींदोज कर दिया। बुलडोजर एक्शन को देखते हुए मौके पर 300 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस टीम को भी मौके पर रखा गया है।
कार्रवाई शुरू होने से पहले रविवार सुबह 11 बजे से कई परिवार खुद अपने मकान तोड़कर सरकारी जमीन खाली करने में जुट गए। दोनों गांवों में कुल 26 मकान खलिहान और खाद गड्ढे की जमीन पर बने होने की बात सामने आई है। कई परिवार अपना सामान घरों से निकाल चुके हैं, जबकि कुछ लोग अभी भी सामान खाली कर रहे हैं। जिन परिवारों के पास रहने के लिए दूसरी जगह नहीं है, वे कार्रवाई रोकने की गुहार लगाते हुए रोते नजर आए।
सरकारी जमीन पर अतिक्रमण का मामला कई वर्षों से तरबगंज तहसील में चल रहा था। तहसील प्रशासन की ओर से अतिक्रमण हटाने के लिए कई बार संबंधित परिवारों को नोटिस दिए गए थे। प्रशासन का कहना है कि नोटिस के बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाया गया।
नगवा गांव निवासी पराग दत्त मिश्रा ने मामले को लेकर लखनऊ हाईकोर्ट का रुख किया था। हाईकोर्ट ने जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन को 5 अक्टूबर को शपथ पत्र के साथ तलब किया है। सुनवाई से पहले ही रविवार को सरकारी जमीन खाली कराने की कार्रवाई की जा रही है।

 मुख्य राजस्व अधिकारी रिंकी जायसवाल, एसडीएम तरबगंज सविता शुक्ला, महिला थाना प्रभारी अनीता यादव, वजीरगंज थाना प्रभारी दिनेश प्रताप सिंह और फायर ब्रिगेड के अधिकारी मौके पर मौजूद हैं। किसी भी स्थिति से निपटने के लिए एंबुलेंस भी तैनात की गई है।

📤 शेयर करें: