7.17 लाख के घोटाले में डीएम ने की बड़ी कार्रवाई घोटालेबाज प्रधानों में मचा हड़कंप
गोंडा। जिले में 7.17 लाख के कथित घोटाले पर डीएम ने बड़ी कार्रवाई किया है। इससे जिले के घोटालेबाज प्रधानों में हड़कंप मच गया है।
झंझरी विकास क्षेत्र की ग्रामपंचायत इमिलिया मिश्र में विकास कार्यों के नाम पर 7,17,446 के कथित वित्तीय अनियमितता मामले में जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने निवर्तमान प्रधान/प्रशासक राजेंद्र प्रसाद मिश्र को पद से हटा दिया है। एडीओ पंचायत झंझरी को नया प्रशासक बनाया गया है।
मनरेगा एवं वित्त आयोग की धनराशि से तालाब और नाली निर्माण कराए बिना भुगतान किए जाने की शिकायत पर जांच कराई गई। जांच रिपोर्ट के मुताबिक इस मामले में तत्कालीन प्रशासक/निवर्तमान प्रधान सहित पंचायत सचिव, अवर अभियंता और तकनीकी सहायक की भूमिका पर सवालिया निशान लग गया है।
संबंधित लोगों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। अब कथित रूप से गबन की गई धनराशि की वसूली के लिए आरसी जारी करने का प्रस्ताव तैयार किए जाने और आगे की कानूनी कार्रवाई किए जाने की तैयारी चल रही है।