पूर्ण संस्करण देखें
⚡ AMP पेज | पूर्ण वेबसाइट देखें
Action

मानव तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ जननायक एक्सप्रेस से 12 बच्चे रेस्क्यू 2 तस्कर गिरफ्तार

✍️ Admin 📅 12 September, 2026 ⏰ 07:52 PM 👁 113 views


​गोंडा। बिहार से हरियाणा ले जाए जा रहे 12 नाबालिग बच्चों को गोंडा रेलवे स्टेशन पर चलाए गए संयुक्त सर्च ऑपरेशन के दौरान सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया। इन बच्चों को कुरुक्षेत्र हरियाणा के पेहवा स्थित एक चावल मिल में बंधुआ मजदूरी कराने के उद्देश्य से ले जाया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान मौके से 2 संदिग्ध बाल तस्करों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि मुख्य ठेकेदार समेत दो आरोपी फरार होन में कामयाब रहे।
​
अपराध आसूचना शाखा CIB गोंडा, रेलवे सुरक्षा बल RPF, TOPB टीम बचपन बचाओ आंदोलन समिति गोरखपुर और अपराजिता सामाजिक समिति की संयुक्त टीम को ट्रेन में बच्चों की तस्करी की गुप्त सूचना मिली थी। जननायक एक्सप्रेस के गोंडा स्टेशन पहुंचते ही टीम ने सामान्य (जनरल) कोच में गहन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान कोच के एक कोने में डरे-सहमे बैठे 12 बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

जांच में खुलासा हुआ कि सभी बच्चे बिहार के मोतिहारी जिले के रहने वाले हैं। तस्करों ने परिजनों की गरीबी और लाचारी का फायदा उठाते हुए उन्हें पैसों का प्रलोभन दिया था और एडवांस रकम देकर बच्चों को मजदूरी के लिए ले जा रहे थे। मौके से पकड़े गए आरोपियों की पहचान प्रमोद कुमार और विजय साह के रूप में हुई है। मुख्य ठेकेदार अनिल साह और मुकेश साह के खिलाफ भी नामजद मामला दर्ज कर उनकी तलाश तेज कर दी गई है।

​एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग थाना गोंडा में आरोपियों के खिलाफ बाल तस्करी और बाल मजदूरी की गंभीर धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। सभी 12 बच्चों को तत्काल 'चाइल्डलाइन गोंडा' के संरक्षण में भेजा गया। बच्चों को किशोर न्याय बोर्ड (JWB) गोंडा के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उन्हें सुरक्षित उनके माता-पिता के सुपुर्द करने की कार्रवाई जारी है।

इस सफल ऑपरेशन में CIB के निरीक्षक उदय राज, उप निरीक्षक लाल साहब सिंह, सहायक उप निरीक्षक दिलीप कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल बबलू कुमार सिंह, कांस्टेबल मोहनलाल, दिनेश कुमार और संजय कुमार शामिल रहे। बचपन बचाओ आंदोलन के सहायक परियोजना अधिकारी मनीष कुमार वर्मा और अपराजिता सामाजिक समिति के प्रोजेक्ट हेड अभय पांडेय व जिला कोऑर्डिनेटर आत्रेय त्रिपाठी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

📤 शेयर करें: