पुरानी रंजिश में जमकर बवाल चाकूबाजी में चार घायल एक गंभीर
गोण्डा। जनपद के कोतवाली देहात क्षेत्र के रौतमा गांव में होली के दिन देर शाम पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। मारपीट और धारदार हथियारों से हुए हमले में चार लोग घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए गोंडा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच पहले मामूली कहासुनी हुई, लेकिन देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि लाठी-डंडों के साथ धारदार हथियारों से हमला शुरू हो गया। त्योहार के माहौल में अचानक हुई इस हिंसक घटना से गांव में अफरा-तफरी मच गई। घटना में घनश्याम तिवारी, राजेश तिवारी, राहुल उर्फ ज्ञान दत्त और मनीष घायल हो गए। बताया जा रहा है कि राजेश तिवारी पर चाकू से कई वार किए गए, जिससे उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। अन्य तीन घायलों का भी इलाज चल रहा है। परिजनों और ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को तत्काल गोंडा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की टीम उनका उपचार कर रही है।
बताया जाता है कि कुछ दिन पहले एक शादी समारोह के दौरान बच्चों के बीच हुए विवाद को लेकर दोनों पक्षों में तनाव बना हुआ था। उसी पुरानी रंजिश को लेकर होली के दिन यह विवाद फिर भड़क उठा और देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। पीड़ित पक्ष के घनश्याम तिवारी का आरोप है कि जब वह शाम को घर पहुंचे तो उनके दरवाजे पर विवाद हो रहा था। आरोप है कि उस समय दूसरे पक्ष के लोग उनके परिवार के राजेश तिवारी, राहुल उर्फ ज्ञानदत्त और मनीष की पिटाई कर रहे थे। इसी बीच आरोपी पक्ष के अन्य लोग भी चाकू और कुल्हाड़ी लेकर मौके पर पहुंच गए और हमला कर दिया।
इस संबंध में कोतवाली देहात के प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि घायलों का इलाज गोंडा मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।