करनैलगंज के भैरवनाथ पुरम में लगी भीषण आग मची अफरा तफरी
कर्नलगंज गोण्डा। कर्नलगंज कस्बे के भैरवनाथ पुरम मोहल्ले में शनिवार दोपहर अचानक भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग की तेज लपटों ने देखते ही देखते आसपास के लोगों के होश उड़ा दिए। घटना के बाद मोहल्ले में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई और लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। घनी आबादी वाले क्षेत्र में आग लगने की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग बाल्टी, पाइप और अन्य संसाधनों के सहारे आग बुझाने में जुट गए। सूचना पर पुलिस और दमकल विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई।
घटना स्थल के पास मोबाइल टॉवर लगा होने से लोगों में और अधिक दहशत का माहौल बना रहा। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया गया तो बड़ा हादसा हो सकता था। सबसे बड़ी समस्या संकरे रास्ते की रही, जिसके कारण बड़ा दमकल वाहन मौके तक नहीं पहुंच सकता है। ऐसे में दमकल कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। फिलहाल दमकल विभाग और स्थानीय लोगों के संयुक्त प्रयास से आग पर काबू पाने का प्रयास जारी है। आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल सका है। प्रशासन मामले की जांच में जुटा हुआ है।