पूर्ण संस्करण देखें
⚡ AMP पेज | पूर्ण वेबसाइट देखें
Promotion

बालपुर चौकी को 65 गांवों का थाना बनाने का प्रस्ताव 25 सालों से शासन में फंसा

✍️ Admin 📅 09 January, 2026 ⏰ 02:44 PM 👁 427 views

बालपुर गोंडा। रिपोर्टिंग चौकी बालपुर को 65 गावों का थाना बनाने का प्रस्ताव 25 सालों से शासन की फाइलों में फंसकर रह गया है। शासन में लगे फाइलों के ढेर में यह दशकों से उलझ गया लगता है। अब तो इसकी चर्चा करना तो बहुत दूर रहा अब कोई इसका नाम लेने वाला नहीं है। विभिन्न सरकारों में बार बार रिवाइज प्रस्ताव जाने के बावजूद इस पर अब तक कोई अमल नहीं किया जा सका है। 

रिपोर्टिंग पुलिस चौकी बालपुर लखनऊ हाइवे पर थाना कोतवाली करनैलगंज से 15 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। गोंडा लखनऊ हाइवे पर पड़ने वाला बालपुर कस्बा हलधरमऊ, कटरा बाजार, झंझरी व परसपुर समेत चार ब्लाक और थाना कोतवाली करनैलगंज, थाना कोतवाली देहात, थाना कोतवाली नगर, थाना परसपुर, थाना कटरा बाजार समेत पांच थानों की सीमा पर स्थित है। यहां से करनैलगंज नगर 15 किलोमीटर, गोंडा जिला मुख्यालय, कटरा बाजार, परसपुर नगर 12 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। 

करीब 25 साल पहले मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के कार्यकाल में पहली बार रिपोर्टिंग पुलिस चौकी बालपुर को 65 गावों का थाना बनाने का प्रस्ताव शासन को भेजा गया। बालपुर चौकी क्षेत्र के ख़रथरी, भटनाइया, भोंका, पतिसा, चकसेनिया, सोनहरा, हड़ियागाड़ा,हरसिंहपुर, बालपुर हजारी, बटौरा बख्तावर सिंह, गुरसड़ा, बटौरा लोहांगी, गद्दोपुर, चौरी, परसागोंडरी, नकहा बसन्त, नकहा बसन्त व रेरूवा समेत करीब 18 ग्रामपंचायतों के सैकड़ों मजरे शामिल हैं। इन सभी ग्रामपंचायतों के ग्रामीणों को किसी भी प्रकार की समस्या होने पर 15 किलोमीटर दूर करनैलगंज का बार बार चक्कर लगाकर परेशान होने के साथ नाजायज हर्जा खर्चा करना पड़ता है। 

आम जनता की इन्हीं समस्याओं को ध्यान में रखकर तत्कालीन प्रशासन ने बालपुर पुलिस चौकी को नया थाना बनाने का प्रस्ताव शासन को भेजा था। तत्कालीन उपजिलाधिकारी रवीन्द्र कुमार सिंह की टीम ने थाना कोतवाली करनैलगंज के करीब आधा दर्जन और गावों को, कटरा बाजार थाना क्षेत्र के हलधरमऊ, मैज़ापुर, वमडेरा, सर्वांगपुर, भैरमपुर, बरूई गोंदहा, नकही, खानपुर, छिटनापुर, थाना कोतवाली देहात के दो दर्जन से अधिक गांव कैथोला, भुलभुलिया, गोगिया, सालपुर धोताल, डोमाकल्पी, डोमा आह्लाद, धानी गांव, धनखर, ठटिया मटेहिया, ठुकरापुर, नरायनपुर मर्दन, दुरगोड़वा, सरैया चौबे, तुलसीपुर, सुभागपुर, सुसुंडा, ज्ञानपुर, परसीगोंडा तथा थाना परसपुर क्षेत्र के आधा दर्जन गावों को शामिल करके नए थाने बालपुर क्षेत्र का परिसीमन करके 65 गावों का थाना बनाने का प्रस्ताव शासन को भेजा।

 इसके बाद से ही इसकी फाइल शासन में जाकर कहीं खो गई लगती है। क्षेत्र का कोई जनप्रतिनिधि या अधिकारी इसकी खोजखबर लेने वाला नहीं है। करनैलगंज कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक नरेन्द्र प्रताप राय एवं  चौकी प्रभारी बालपुर अशोक कुमार जायसवाल  को काल करने के बावजूद उनका फोन नंबर नहीं उठा इसलिए उनसे सम्पर्क नहीं हो पाया।

📤 शेयर करें: