करनैलगंज गोंडा। तहसील करनैलगंज में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में नगर पालिका परिषद के एक कर्मचारी पर गाटा संख्या में संशोधन कराने के नाम पर 20 हजार रुपये रिश्वत मांगने का आरोप लगाया गया है। ग्राम प्रधान ने शिकायती पत्र देकर मामले की जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
तहसील व विकासखंड करनैलगंज के ग्राम कादीपुर (रग्घापुरवा) के निवासी व प्रधान जयप्रकाश सिंह पुत्र चंद्रकेश सिंह ने अधिकारियों को दिये गये शिकायती पत्र में कहा गया है कि वह वर्ष 2021 के निर्वाचित ग्राम प्रधान हैं। उनके ग्राम कादीपुर की गाटा संख्या 375, 116, 117, 118, 124 आदि को ग़लत तरीके से नगर पालिका परिषद करनैलगंज जनपद गोंडा के मकान गणना व नक्शा में शामिल कर लिया गया है। जबकि उक्त गाटा संख्याएं नगर पालिका परिषद करनैलगंज जनपद गोंडा के सीमा विस्तार में शामिल नहीं है।
ग़लत तरीके से नगर पालिका परिषद करनैलगंज के मकान गणना में शामिल की गई उक्त गाटा संख्याओं को सही करके ग्राम कादीपुर में ही रहने देने के लिए प्रार्थी ने नगर पालिका परिषद करनैलगंज के कार्यालय में कार्यरत कर्मचारी शिवकुमार बाबू से कहा, तो उन्होंने कहा कि मामला गंभीर है। अधिकारियों व अन्य कर्मचारियों को मैनेज करना पड़ेगा। इसके लिए आपको 20000 (बीस हजार) रूपये मुझे देना होगा, तभी आपका काम हो पायेगा। अन्यथा मेरे बस की बात नहीं है। आप अप्लीकेशन देते रहें, कोई कार्यवाही नहीं होगी। उन्होने विवश होकर 5000 (पांच हजार) रूपये शिवकुमार बाबू को दिया है, तथा शेष पैसा ना दे पाने की स्थिति में उक्त गाटाओं को ग्राम कादीपुर में ही नहीं रहने दिया जा रहा है।
शिकायतकर्ता ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के विरुद्ध कठोर दंडात्मक कार्रवाई करने तथा गलत तरीके से नगर पालिका में शामिल की गई गाटा संख्याओं को पुनः ग्राम कादीपुर के अभिलेखों में दर्ज कराने की मांग की है।
इस संबंध में नगर पालिका परिषद करनैलगंज के संबंधित कर्मचारी या प्रशासन का पक्ष समाचार लिखे जाने तक प्राप्त नहीं हो सका।