Regd. UDYAM-UP-31-0004031
प्रदेश के तेजी से उभरते हुए जनसंवाद समाचार न्यूज चैनल व न्यूज पोर्टल पर अपने व्यवसाय व शिक्षण संस्थान के तेजी से आगे बढ़ोत्तरी के लिए प्रचार प्रसार कराकर लाभ प्राप्त करने के लिए सम्पर्क करें। सम्पर्क सूत्र 9506980980

Karnataka Assembly: कर्नाटक विधानसभा में एक्साइज मंत्री पर भ्रष्टाचार के आरोप, BJP-JDS का धरना, इस्तीफे की मांग

कर्नाटक विधानसभा में मंगलवार (3 फरवरी 2026) की रात उस समय भारी हंगामा देखने को मिला, जब भारतीय जनता पार्टी और उसकी सहयोगी जनता दल सेक्युलर ने कांग्रेस सरकार के एक मंत्री पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए धरना प्रदर्शन किया. विपक्ष ने राज्य के एक्साइज मंत्री आर बी तिम्मापुर के इस्तीफे की मांग की है. BJP का आरोप है कि कर्नाटक के एक्साइज विभाग में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार चल रहा है और शराब लाइसेंस जारी करने के लिए खुलेआम रिश्वत मांगी जा रही है. विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष आर अशोक ने दावा किया कि यह कथित घोटाला करीब 6,000 करोड़ रुपये का है.

आर अशोक ने यह भी आरोप लगाया कि सत्ताधारी कांग्रेस इस कथित भ्रष्टाचार से जुटाए गए पैसों का इस्तेमाल चुनावी राज्यों में पार्टी फंडिंग के लिए कर रही है. यह मामला तब और सुर्खियों में आ गया, जब 16 जनवरी को बेंगलुरु शहरी जिले के एक्साइज डिप्टी कमिश्नर जगदीश नाइक और दो अन्य अधिकारियों को लोकायुक्त पुलिस ने 25 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया था. लोकायुक्त अधिकारियों के अनुसार, इन अधिकारियों पर CL-7 (होटल और बोर्डिंग हाउस) और माइक्रो ब्रूअरी लाइसेंस जारी करने के लिए 80 लाख रुपये की रिश्वत मांगने का आरोप है.

एक्साइज मंत्री ने इस्तीफे की मांग को किया खारिज

एक्साइज मंत्री आर बी तिम्मापुर ने विपक्ष की इस्तीफे की मांग को सिरे से खारिज कर दिया. मंत्री ने कहा कि BJP के शासनकाल में भी किसी मंत्री ने इस तरह के आरोपों पर कभी इस्तीफा नहीं दिया था. अपने बचाव में मंत्री ने यह भी कहा कि एक्साइज विभाग में भ्रष्टाचार कोई नई बात नहीं है. उन्होंने दावा किया कि उन्होंने हर स्तर पर भ्रष्टाचार को कम करने के लिए अहम कदम उठाए हैं और मुख्यमंत्री सिद्धरामैया के साथ चर्चा के बाद लाइसेंस जारी करने की प्रक्रिया को सरल बनाया गया है. गौरतलब है कि आज कर्नाटक विधानसभा के विशेष सत्र का आखिरी दिन है और इस मुद्दे को लेकर एक बार फिर सदन में हंगामे के आसार जताए जा रहे हैं.

स्रोत: ABP Hindi