संसद का बजट सत्र 28 जनवरी से शुरू हो चुका है. सत्र के पहले दिन राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने लोकसभा और राज्यसभा की संयुक्त बैठक को संबोधित किया. इसके बाद 1 फरवरी को केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने लोकसभा में आम बजट 2026 प्रस्तुत किया. बजट पेश होने के बाद राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव को लेकर चर्चा शुरू हुई. इस चर्चा के दौरान लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की टिप्पणी पर जोरदार हंगामा देखने को मिला, जिसके चलते सदन की कार्यवाही कई बार स्थगित करनी पड़ी. इसी क्रम में अब बुधवार, 4 जनवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव का जवाब देने वाले हैं.इस बीच कांग्रेस सांसद किरण कुमार ने कहा, 'भारत के प्रधानमंत्री को आज शाम 5 बजे बोलना है, लेकिन मुझे नहीं पता कि आज भारत के प्रधानमंत्री बोलेंगे या ट्रंप के पीएस (पर्सनल सेक्रेटरी). इस देश में हर फैसले पर, यहां तक कि ऑपरेशन सिंदूर को लेकर भी ट्रंप ने 50 बार कहा कि उन्होंने सीजफायर में दखल दिया, लेकिन मोदी ने इस पर कभी कुछ नहीं कहा कि ऐसा हुआ या नहीं. मुझे नहीं पता कि आज वे भारत की ओर से बात करेंगे या व्हाइट हाउस में लिए गए फैसलों की ओर से. भारत की जनता चाहती है कि हर मुद्दे पर सदन के पटल पर चर्चा हो. इसी वजह से जनता ने हमें चुना है…' विपक्ष के जोरदार हंगामे के बीच सदन की कार्यवाही आज शाम 5 बजे तक के लिए स्थगित हो गई है. विपक्ष के हंगामे के चलते लोकसभा की कार्यवाही 2 बजे तक स्थगित.
स्रोत: ABP Hindi