इमेज स्रोत, Aamir QURESHI / AFP via Getty Images इस्लामाबाद के तरलाई इलाके के इमामबाड़ा में हुए धमाके में कम से कम 31 लोगों की मौत हो गई है और 160 से ज़्यादा लोग घायल हुए हैं. बीबीसी उर्दू के मुताबिक़ पुलिस अधिकारियों ने इसे 'आत्मघाती हमला' बताया है. ज़िला प्रशासन के प्रवक्ता के अनुसार अब तक अलग-अलग अस्पतालों में 15 लोगों को मृत अवस्था में लाया गया है. प्रवक्ता के मुताबिक़ शहर के तीन अस्पतालों में इमरजेंसी लागू कर दी गई है, जबकि असिस्टेंट कमिश्नरों को अलग-अलग अस्पतालों में घायलों के इलाज की निगरानी के लिए तैनात किया गया है. ज़िला प्रशासन के अनुसार धमाके वाली जगह को पूरी तरह सील कर दिया गया है. गृह मंत्री मोहसिन नक़वी के निर्देश पर राज्य मंत्री (गृह) तलाल चौधरी इस्लामाबाद के पिम्स अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने घायलों से मुलाक़ात की. इस मौके पर तलाल चौधरी ने कहा कि घायलों को इलाज की बेहतर से बेहतर सुविधाएं दी जाएंगी. बीबीसी हिंदी के व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक करें इमेज स्रोत, Farooq NAEEM / AFP via Getty Images मशहूर हस्तियों की कहानी पूरी तसल्ली और इत्मीनान से इरफ़ान के साथ. रेस्क्यू 1122 के अनुसार, घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया जा रहा है, जबकि आईजी इस्लामाबाद ने शहर में आपातकाल की घोषणा कर दी है. यह विस्फोट तारलाई के इमामबारगाह खदीजतुल कुबरा में हुआ. गृह मंत्री मोहसिन नकवी के निर्देश पर गृह राज्य मंत्री तलल चौधरी इस्लामाबाद के पीआईएमएस अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने घायलों से मुलाकात की. तलल चौधरी ने कहा कि घायलों को सबसे अच्छी चिकित्सा सुविधाएं मुहैया कराई जा रही हैं. इमामबाड़े से सटे घर में रहने वाले मुहम्मद अशफ़ाक, जो खुद को इमामबाड़े का प्रशासक बताने वाले मोहम्मद अशफ़ाफ ने बीबीसी उर्दू से कहा, '' जब आग लगी तो मैं घर से बाहर भागा. तब मुझे एहसास हुआ कि इमामबाड़े में कुछ हुआ है. इमामबाड़े के बाहर मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने बताया कि तीन हमलावर थे. सुरक्षाकर्मी भी घायल हुए और एक व्यक्ति के मारे जाने की सूचना थी." अशफ़ाक ने बताया कि विस्फोट के बाद चारों तरफ घायल लोग पड़े थे. किसी के हाथ नहीं थे तो किसी के पैर नहीं थे. हमने गंभीर रूप से घायलों को अपनी गाड़ियों से अस्पताल पहुंचाया. एंबुलेंस करीब एक घंटे बाद पहुंचीं. पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने इस धमाके की निंदा की है. अपने बयान में प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने मौतों पर गहरा दुख और अफ़सोस जताते हुए पीड़ित परिवारों के साथ संवेदना व्यक्त की. उन्होंने गृहमंत्री मोहसिन नक़वी से मुलाक़ात के दौरान घटना की पूरी जांच कराने और दोषियों की तुरंत पहचान करने के निर्देश दिए हैं. प्रधानमंत्री शरीफ़ ने घायलों को बेहतर से बेहतर इलाज सुविधाएं देने के निर्देश देते हुए स्वास्थ्य मंत्री को ख़ुद निगरानी करने का आदेश दिया है. शहबाज़ शरीफ़ ने कहा कि धमाके के ज़िम्मेदार लोगों की पहचान कर उन्हें सख़्त सज़ा दिलाई जाएगी. उन्होंने कहा कि देश के हालात ख़राब करने की किसी को भी इजाज़त नहीं दी जाएगी. ईरान ने इमामबाड़े में शुक्रवार की नमाज़ के दौरान हुए इस आत्मघाती बम हमले की निंदा की है. इस्लामाबाद में ईरान के राजदूत रज़ा अमीरी मोक़दम ने एक्स पर जारी बयान में कहा, "मैं इस्लामाबाद में शुक्रवार की नमाज़ के दौरान हुए उस भयावह हमले की कड़ी निंदा करता हूं, जिसमें दर्जनों निर्दोष नागरिकों की जान चली गई." उन्होंने कहा, "मैं पाकिस्तान सरकार और वहां की जनता के प्रति, विशेष रूप से शोक संतप्त परिवारों के प्रति, अपनी गहरी संवेदना और सहानुभूति व्यक्त करता हूं." ईरानी राजदूत ने आगे कहा, "हमारी संवेदनाएं उन परिवारों के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है और हम घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करते हैं." बीबीसी के लिए कलेक्टिवन्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.
स्रोत: BBC Hindi